देश की खबरें | महाराष्ट्र के ठाणे में 22 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त, तीन लोग गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी के बाद 22 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
ठाणे, 21 जुलाई महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी के बाद 22 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (जोन-तीन, कल्याण) अतुल झेंडे ने एक विज्ञप्ति में बताया कि पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर 17 जुलाई को कल्याण के खडकपाडा थाना क्षेत्र में वालधुनी नदी के पास एक कमरे में छापा मारा और 25,000 रुपये मूल्य का 1.12 किलोग्राम गांजा जब्त किया।
अधिकारी ने बताया कि अनुपम नगर निवासी रवि शिवाजी गवली (30) के पास से यह मादक पदार्थ बरामद किया गया और उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने 18 जुलाई को कल्याण में ‘एपीएमसी मार्केट’ मार्ग के पीछे एक और जगह पर छापा मारा, जहां दो व्यक्ति मादक पदार्थ बेचने की कथित तौर पर कोशिश कर रहे थे।
झेंडे ने कहा, ‘‘छापेमारी के दौरान, हमारी टीम ने आरोपियों के कब्जे से 110 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) जब्त किया। जब्त किए गए मादक पदार्थ का बाजार मूल्य 22 लाख रुपये आंका गया है।’’
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनकी पहचान कल्याण निवासी मोहम्मद कैफ मंसूर शेख (24) और भिवंडी के कोनगाव निवासी फरदीन आसिफ शेख (24) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि खडकपाडा और बाजारपेठ पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रासंगिक प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘हम यह पता लगाने के लिए जांच कर रहे हैं कि मादक पदार्थ कहां से खरीदे गए और किसे बेचे जा रहे थे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 21, 2025 09:06 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

