देश की खबरें | एडीजे की कार में टक्कर मारने के मामले में वाहन चालक हिरासत में

कौशांबी (उप्र), 31 जुलाई उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में अपर जिला न्यायाधीश (एडीजे) की कार में कथित रूप से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने पूछताछ के लिए चार लोगों को हिरासत में लिया है। इस दुर्घटना में एडीजे के अलावा उनका गनर भी घायल हो गया था। पुलिस ने यह जानकारी दी।

कौशांबी के पुलिस अधीक्षक राधेश्याम विश्वकर्मा ने शनिवार को बताया कि एडीजे की कार को टक्कर मारने वाले वाहन चालक समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया गया और उनमें से तीन को बाद में पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।

फतेहपुर जनपद न्यायालय की पॉक्सो अदालत में तैनात एडीजे मोहम्‍मद अहमद खान ने कोखराज पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा था कि दिसंबर 2020 में बरेली में अपनी तैनाती के दौरान उन्होंने एक आरोपी की जमानत अर्जी खारिज कर दी थी और उसने परिवार के साथ उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।

एडीजे ने यह भी कहा कि बृहस्पतिवार को प्रयागराज से फतेहपुर जा रहे थे तो उनकी कार पर टक्‍कर मारकर उनकी जान लेने की कोशिश की गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एडीजे की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।

एसपी ने कहा कि पूछताछ के बाद रिहा किए गए अन्य तीन व्यक्ति उप्र ब्रिज कारपोरेशन द्वारा शहजादपुर में गंगा नदी पर एक पुल के सर्वेक्षण कार्य में शामिल हैं।

टक्कर मारने वाली इनोवा गाड़ी पिछले 15 दिनों से निर्माणाधीन पुल में किराए पर चल रही है, उक्त तीनों व्यक्तियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एडीजे की कार में टक्कर मारने वाले इनोवा चालक को इनोवा सहित हिरासत में लिया गया है।

मामले में पुलिस बारीकी से छानबीन कर रही है और जांच पूरी होने के बाद अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)