ताजा खबरें | राष्ट्रपति चुनाव में राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का सिक्किम दौरा स्थगित
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का शनिवार को होने वाला सिक्किम दौरा एक दिन के राष्ट्रीय शोक के मद्देनजर स्थगित कर दिया गया है।
गंगटोक, नौ जुलाई राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का शनिवार को होने वाला सिक्किम दौरा एक दिन के राष्ट्रीय शोक के मद्देनजर स्थगित कर दिया गया है।
मुर्मू का राज्य में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं से मिलने का कार्यक्रम था।
मुर्मू 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए सांसदों एवं विधायकों का समर्थन जुटाने के लिए विभिन्न राज्यों का दौरा कर रही हैं।
एसकेएम के वरिष्ठ नेता जैकब खालिंग ने संवाददाताओं से कहा, " जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के सम्मान में भारत में रखे गये एक दिन के राष्ट्रीय शोक के मद्देनजर मुर्मू की सिक्किम यात्रा स्थगित कर दी गई है।" उल्लेखनीय है कि आबे की शुक्रवार को जापान के नारा शहर में गोली मार कर हत्या कर दी गई।
खालिंग ने कहा, ‘‘ सत्तारूढ़ एसकेएम और सिक्किम के भाजपा नेताओं द्वारा मुर्मू के दौरे के लिए सभी व्यवस्था कर ली गई थी। लेकिन हमें पता चला कि उनका दौरा स्थगित कर दिया गया है।’’
गौरतलब है कि सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने एसकेएम और भाजपा के विधायकों के साथ एक सप्ताह पहले राष्ट्रीय राजधानी में मुर्मू से मुलाकात की थी और राष्ट्रपति चुनाव में उन्हें अपना समर्थन देने का वादा किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)