‘आरोग्य सेतु’ तत्काल डाउनलोड करें, खतरा न होने पर ही काम पर जाएं: केद्र ने कर्मियों से कहा
आदेश में कहा गया, ‘'आरोग्य सेतु' एप पर अपने आसपास की स्थिति की समीक्षा करने और एप में 'सुरक्षित' या 'कम जोखिम' के संकेत मिलने पर ही कार्यालय जाएं।’’
नयी दिल्ली, 29 अप्रैल कार्मिक मंत्रालय द्वारा बुधवार को जारी एक आदेश में सभी केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों को 'आरोग्य सेतु' मोबाइल एप्लिकेशन तत्काल डाउनलोड करने और इससे, ‘सुरक्षित’ हालात का संकेत मिलने पर ही काम पर जाने के लिए कहा गया है।।
आदेश में कहा गया, ‘'आरोग्य सेतु' एप पर अपने आसपास की स्थिति की समीक्षा करने और एप में 'सुरक्षित' या 'कम जोखिम' के संकेत मिलने पर ही कार्यालय जाएं।’’
अधिकारियों और कर्मचारियों को सलाह दी गई है कि यदि एप्लिकेशन में ‘ब्लूटूथ प्रॉक्सिमिटी’’ के आधार पर, हाल ही में संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने को लेकर ‘मध्यम’ या ‘उच्च जोखिम’ का संदेश मिलता है तो वे कार्यालय ना जाएं तथा 'सुरक्षित' या 'कम जोखिम' की स्थिति का संकेत मिलते तक स्वयं को 14 दिनों के लिए पृथकवास में रखें ।
सभी विभागों को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि केंद्र सरकार के तहत काम करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों (आउटसोर्स कर्मचारियों सहित) को तत्काल अपने मोबाइल फोन पर 'आरोग्य सेतु' एप्लिकेशन डाउनलोड करना चाहिए।
सरकार द्वारा विकसित आरोग्य सेतु एप्लिकेशन लोगों को कोरोना वायरस संक्रमण के जोखिम का आकलन करने में मदद करता है।
एक वरिष्ठ अधिकारी - सभी विभागों में संयुक्त सचिव (प्रशासन) - निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करेगा
आदेश में कहा गया है ‘‘मंत्रालय अथवा विभाग सभी संबंधित स्वायत्त, वैधानिक निकायों, पीएसयू आदि को समान निर्देश जारी कर सकते हैं।’’
उप सचिव और उससे ऊपर के स्तर के अधिकारी पहले ही सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए अपने अपने कार्यालय जा रहे हैं।
केंद्र सरकार के सभी विभागों के कार्यालयों को उप सचिव स्तर से नीचे केवल एक तिहाई कर्मचारियों को क्रमबद्ध व्यवस्था के अनुसार बुलाने के लिए कहा गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2020 04:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

