देश की खबरें | सोने के कुछ टुकड़ों के लिए देश का ना बेचें : केरल सरकार पर भाजपा का हमला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोने की कथित तस्करी के एक मामले में बुधवार को केरल की मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार पर निशाना साधा और कहा कि यह मामला सिर्फ पैसे और तस्करी का नहीं बल्कि ‘‘राष्ट्रीय सुरक्षा’’ का भी है और ‘‘सोने के कुछ टुकड़ों के लिए कृपा कर देश को ना बेचें’’।
नयी दिल्ली, आठ जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोने की कथित तस्करी के एक मामले में बुधवार को केरल की मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार पर निशाना साधा और कहा कि यह मामला सिर्फ पैसे और तस्करी का नहीं बल्कि ‘‘राष्ट्रीय सुरक्षा’’ का भी है और ‘‘सोने के कुछ टुकड़ों के लिए कृपा कर देश को ना बेचें’’।
सोना तस्करी के इस मामले की प्रमुख आरोपी स्वप्ना सुरेश द्वारा मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, उनके परिवार के सदस्यों और कुछ शीर्ष नौकरशाहों के खिलाफ लगाए गए आरोपों का उल्लेख करते हुए भाजपा प्रवक्ता टॉम वडक्कन ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी कुर्सी छोड़ देनी चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘केरल के मुख्यमंत्री को इन आरोपों पर अपनी अंतरात्मा में झांकना चाहिए और पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों द्वारा इस मामले की हो रही जांच को बाधित करने के भी कई प्रयास किए गए।
वडक्कन ने कहा, ‘‘यह मामला सिर्फ पैसे और तस्करी का नहीं है। यह राष्ट्रीय सुरक्षा काम मामला है। सोने के चंद टुकड़ों के लिए कृपया देश का मत बेचिए। यह कोई साधारण अपराध नहीं है, यह भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा है। इस मामले से जुड़े लोग एक वर्तमान मुख्यमंत्री और उनके परिवार के सदस्यों का कथित तौर पर नाम ले रहे हैं।”
उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि इस मामले को छिपाने में कांग्रेस की भी भूमिका रही है।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए), प्रवर्तन निदेशालय और सीमा शुल्क विभाग ने इस सोना तस्करी मामले की अलग-अलग जांच की। पांच जुलाई, 2020 को तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) वाणिज्य दूतावास के राजनयिक सामान से 15 करोड़ रुपये मूल्य के सोने की जब्ती के साथ एक गिरोह का भंडाफोड़ किया गया था, जिसके बाद यह मामला दर्ज हुआ था।
यूएई वाणिज्य दूतावास की एक पूर्व कर्मचारी स्वप्ना सुरेश को 11 जुलाई, 2020 को बेंगलुरु से एक अन्य आरोपी संदीप नायर के साथ एनआईए ने हिरासत में लिया था। केरल के मुख्यमंत्री के पूर्व प्रमुख सचिव एम शिवशंकर को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया था। स्वप्ना सुरेश को सनसनीखेज सोने की तस्करी मामले में गिरफ्तारी के 16 महीने बाद पिछले साल नवंबर में जेल से रिहा किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 08, 2022 07:29 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

