एजेंसी न्यूज

धोनी पर संन्यास का दबाव मत बनाओ : नासिर हुसैन ने चेताया

हुसैन का मानना है कि भारत का यह पूर्व कप्तान अभी भी भारतीय क्रिकेट को बहुत कुछ दे सकता है ।

धोनी पर संन्यास का दबाव मत बनाओ : नासिर हुसैन ने चेताया

मुंबई, 11 अप्रैल इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने शनिवार को कहा कि महेंद्र सिंह धोनी जैसा क्रिकेटर एक पीढी में एक आता है और इसलिये उस पर ‘संन्यास का दबाव बनाने’ वालों को एहतियात बरतनी चाहिये ।

हुसैन का मानना है कि भारत का यह पूर्व कप्तान अभी भी भारतीय क्रिकेट को बहुत कुछ दे सकता है ।

उन्होंने स्टार स्पोटर्स पर ‘क्रिकेट कनेक्टेड’ शो में कहा ,‘‘ धोनी के जाने के बाद उसके जैसा कोई नहीं मिलेगा । उस पर संन्यास का दबाव बनाना सही नहीं है । सिर्फ धोनी को पता है कि वह किस स्थिति में हैं । आखिर में चयनकर्ताओं को फैसला लेना है और खिलाड़ी मौका मिलने पर खेलते हैं ।’’

धोनी ने आखिरी बार जुलाई में न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप सेमीफाइनल में खेला था । उसके बाद से उन्होंने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है । सुनील गावस्कर और कपिल देव जैसे पूर्व दिग्गजों ने साफ तौर पर कहा है कि इतने लंबे ब्रेक के बाद उनके लिये वापसी करना मुश्किल होगा ।

लेकिन हुसैन उनकी राय से इत्तेफाक नहीं रखते । उन्होंने कहा ,‘‘ क्या एम एस धोनी अभी भी भारतीय टीम को कुछ दे सकते हैं । मेरा मानना है कि बहुत कुछ ।’’

उन्होंने हालांकि स्वीकार किया कि विश्व कप के दौरान धोनी कुछ मौकों पर चूक गए जब वह पारी की रफ्तार नहीं बढा सके ।

यह शो शनिवार को शाम सात बजे प्रसारित किया जायेगा ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 11, 2020 03:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).