देश की खबरें | पता नहीं मणिपुर में क्या हो रहा है: निर्देशक पबन कुमार हाओबाम

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मणिपुरी निर्देशक पबन कुमार हाओबाम ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनके राज्य में जारी जातीय हिंसा के बीच लोग ‘‘भ्रमित’’ महसूस कर रहे हैं।

नयी दिल्ली, तीन अगस्त मणिपुरी निर्देशक पबन कुमार हाओबाम ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनके राज्य में जारी जातीय हिंसा के बीच लोग ‘‘भ्रमित’’ महसूस कर रहे हैं।

पूर्वोत्तर के राज्य में तीन मई से बहुसंख्यक समुदाय मेइती और अल्पसंख्यक कुकी समुदाय के लोगों के बीच जातीय हिंसा जारी है। इस संघर्ष में 160 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

पिछले महीने चार मई को दो महिलाओं के बर्बर यौन उत्पीड़न से संबंधित वीडियो सामने आने के बाद मणिपुर के पर्वतीय क्षेत्रों में तनाव बढ़ गया है।

फिल्म निर्माता से जब पूछा गया कि क्या वह अपने गृह राज्य की मौजूदा स्थिति पर कोई फीचर फिल्म या वृत्तचित्र बनाने की योजना बना रहे हैं, तो हाओबाम ने कहा कि वह मेइती समुदाय से आते हैं और ऐसे में मौजूदा स्थिति को देखते हुए ऐसा करने के लिए वह सही व्यक्ति नहीं हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘बहुसंख्यक समुदाय मेइती से होने के नाते मैं इस बारे में बात करने के लिए सही व्यक्ति नहीं हो सकता।’’

यहां जागरण फिल्म फेस्टिवल (जेएफएफ) 2023 के पहले दिन निर्देशक ने एक सत्र के दौरान कहा, ‘‘मणिपुर में हर कोई भ्रमित है। हम नहीं जानते कि वास्तव में क्या हो रहा है। यह विषय बहुत गंभीर है और मुझे नहीं लगता कि मैं इस पर फिल्म बनाने के लिए सही व्यक्ति हूं।’’

‘लेडी ऑफ द लेक’ के लिए पर्यावरण बचाव/संरक्षण पर सर्वश्रेष्ठ फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले हाओबम ने कहा कि वह अपनी फिल्मोग्राफी के माध्यम से ऐसे समसामयिक मुद्दों को दिखाने का प्रयास करते हैं, जो एक व्यक्ति के रूप में उन्हें प्रभावित करते हैं।

हाओबाम ने कहा, ‘‘मैंने मणिपुर में जातीय विभाजन पर दो फीचर फिल्म बनाई हैं जो पिछले कई साल से मुझे परेशान कर रहा था। मैंने इस मुद्दे पर 2021 में फिल्म ‘नाइन हिल्स, वन वैली’ बनाई। मेरी हालिया फिल्म ‘जोसेफ सन’ यह मणिपुर जैसी जगह पर रहने के डर के बारे में भी बात करती है, जहां उग्रवाद और जातीय विभाजन है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब यह बात (मणिपुर में हिंसा) शुरू हुई, मेरा मतलब है कि बहुत से लोगों ने कहा कि शायद शंघाई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में ‘जोसेफ सन’ का प्रीमियर योजनाबद्ध था। (लेकिन) मैं इस विषय पर गंभीरता से सोच रहा था।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\