जरुरी जानकारी | डोम्स इंडस्ट्रीज के आईपीओ को पहले दिन मिला 5.71 गुना अभिदान

नयी दिल्ली, 13 दिसंबर पेंसिल एवं स्टेशनरी का सामान बनाने वाली कंपनी डोम्स इंडस्ट्रीज के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को निर्गम के पहले दिन बुधवार को 5.71 गुना अभिदान मिला।

एनएसई पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, डोम्स इंडस्ट्रीज की तरफ से निर्गम के तहत की गई 88,37,407 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 5,04,55,458 शेयरों के लिए बोलियां लगाई गईं। इस तरह निर्गम के पहले ही दिन आईपीओ को 5.71 गुना अभिदान मिल गया।

खुदरा व्यक्तिगत निवेशक खंड को 19.13 गुना अभिदान मिला जबकि गैर-संस्थागत निवेशक खंड को 7.95 गुना अभिदान मिला। पात्र संस्थागत खरीदारों के खंड में सिर्फ छह प्रतिशत बोलियां ही आई हैं।

निर्गम के तहत 350 करोड़ रुपये मूल्य के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा 850 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री पेशकश भी की गई है।

निर्गम के लिए 750-790 रुपये का मूल्य दायरा तय किया गया है। ऊपरी दायरे पर सूचीबद्ध होने से इस निर्गम के जरिये 1,200 करोड़ रुपये जुटाए जा सकते हैं।

आईपीओ खुलने के पहले कंपनी ने अपने एंकर निवेशकों से 538 करोड़ रुपये जुटाए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)