पड़ोसी राज्यों के लोगों को गोवा में अवैध तरीके से न लाएं स्थानीय निवासी : प्रमोद सावंत
जमात

पणजी, 11 मई गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार को कहा कि कुछ स्थानीय लोग कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए जारी दिशा निर्देशों का उल्लंघन कर पड़ोसी राज्यों के लोगों को अवैध रूप से राज्य में लाने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सावंत ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि राज्य में आने वाले लोगों की कोविड-19 की जांच किए जाने की जरूरत है और निर्देशों के अनुसार उन्हें पृथक-वास में रहना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमें ज्ञात हुआ है कि गोवा के कुछ लोग पड़ोसी राज्यों के लोगों को वैकल्पिक मार्ग से अवैध रूप से राज्य में ला रहे हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत यह दंडनीय अपराध है।”

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के विरुद्ध राज्य सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी।

गोवा में वर्तमान में कोविड-19 का एक भी मरीज नहीं है इसलिए राज्य को ग्रीन जोन घोषित किया गया है।

सावंत ने बताया कि विदेश में फंसे गोवा के दो हजार निवासी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद राज्य में लौट आए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)