देश की खबरें | डीएमआरसी के कर्मचारी ने पत्नी और बेटी की हत्या करने के बाद आत्महत्या की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की ज्योति कॉलोनी में मंगलवार को डीएमआरसी के कर्मचारी ने कथित तौर पर पत्नी और बेटी की हत्या करके आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 16 मई दिल्ली की ज्योति कॉलोनी में मंगलवार को डीएमआरसी के कर्मचारी ने कथित तौर पर पत्नी और बेटी की हत्या करके आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) पर फोन आया और दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के एक कर्मचारी ने बताया कि उसने काम पर नहीं आए अपने सहकर्मी सुशील कुमार (43) को फोन किया तो कुमार ने फोन पर ही रोते हुए बताया कि उसने सबको जान से मार डाला।
पुलिस कुमार के घर पहुंची तो उसे तीन शव मिले।
पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) रोहित मीणा ने बताया कि कुमार का शव पंखे से लटका हुआ मिला जबकि उसकी पत्नी अनुराधा (43) और छह साल की बेटी के शवों पर चाकू के घाव थे।
उन्होंने कहा कि कुमार के 13 वर्षीय बेटे पर भी चाकू से वार किया गया और फिलहाल उसका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि कुमार ईस्ट विनोद नगर में डीएमआरसी में रखरखाव सुपरवाइजर के तौर पर काम करता था।
डीसीपी ने कहा कि फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर रही हैं। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि कुमार ने अपनी पत्नी और बेटी की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। विस्तृत जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)