देश की खबरें | डीएमआरसी ने लोगों को वीडियो फिल्माने से रोकने के लिए मेट्रो कोच में गश्त बढ़ाने का फैसला किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली मेट्रो ट्रेन के अंदर लोगों द्वारा वीडियो बनाने और उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की घटनाओं के कारण दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने स्टेशनों और ट्रेनों के अंदर सुरक्षा कर्मियों और सादी वर्दी में कर्मियों को नियुक्त कर गश्त बढ़ाने का फैसला किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 16 मई दिल्ली मेट्रो ट्रेन के अंदर लोगों द्वारा वीडियो बनाने और उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की घटनाओं के कारण दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने स्टेशनों और ट्रेनों के अंदर सुरक्षा कर्मियों और सादी वर्दी में कर्मियों को नियुक्त कर गश्त बढ़ाने का फैसला किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सोशल मीडिया पर प्रसारित हाल के एक वीडियो में एक जोड़ा मेट्रो कोच की फर्श पर बैठकर एक दूसरे को कथित रूप से चुंबन करते नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद डीएमआरसी ने यात्रियों से ‘‘इस तरह की अश्लील गतिविधियों में शामिल होने से बचने’’ की अपील की।

सूत्रों के मुताबिक, डीएमआरसी ने हाल में दिल्ली पुलिस को लिखा कि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए मेट्रो स्टेशनों और कोच के अंदर सुरक्षाकर्मियों की गश्त बढ़ाई जाए।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘हाल में इस तरह के वीडियो के प्रकाश में आने के बाद दिल्ली मेट्रो कई उपायों को लागू करके मेट्रो में सुरक्षा और निगरानी में सुधार करना चाहती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसी तरह के एक उपाय के तहत वर्दीधारी पुलिसकर्मी और सादी वर्दी में डीएमआरसी के कर्मचारी ट्रेनों में गश्त लगाएंगे।’’

अधिकारी ने कहा कि कुछ पुरानी ट्रेनों को छोड़कर मेट्रो की सभी लाइनों में कोच में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। किसी भी तरह की ‘‘आपत्तिजनक गतिविधि की निगरानी’’ के लिए वर्तमान में जारी आधुनिकीकरण की प्रक्रिया के दौरान इन कोच में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘इससे महिलाओं समेत यात्रियों को होने वाले खतरे और असुविधा को दूर किया जा सकेगा।’’

हाल में मेट्रो कोच में चुंबन करते एक युगल का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने डीएमआरसी से इस मामले में कार्रवाई करने के आग्रह किया था तथा कई सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने इस तरह के वीडियो को फिल्माने पर सवाल भी उठाया था।

इसके बाद डीएमआरसी ने यात्रियों से अनुरोध किया कि वे इस तरह की घटनाओं की जानकारी ‘‘मौके पर मौजूद मेट्रो कर्मचारियों/सीआईएसएफ (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) को तुरंत दें ताकि उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके’’।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\