खेल की खबरें | जोकोविच आसान जीत के साथ तीसरे दौर में, सबालेंका और मेदवेदेव भी आगे बढ़े
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. जोकोविच को राबर्टो कार्बालेस बेयना को पराजित करने में किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई। उन्होंने स्पेन के खिलाड़ी को दो घंटे चार मिनट में 6-4, 6-1, 6-2 से हराया।
जोकोविच को राबर्टो कार्बालेस बेयना को पराजित करने में किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई। उन्होंने स्पेन के खिलाड़ी को दो घंटे चार मिनट में 6-4, 6-1, 6-2 से हराया।
बारिश के कारण लगातार तीसरे दिन मैच प्रभावित हुए लेकिन इस बीच ऑस्ट्रेलियाई ओपन चैंपियन आर्यना सबालेंका भी जापान की क्वालीफायर मोयुका उचिजिमा को 6-2, 6-2 से हराकर आगे बढ़ने में सफल रही।
पिछले साल फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली सबालेंका का अगला मुकाबला पाउला बैडोसा से होगा, जो उनकी करीबी सहेली है और इस साल महिला युगल में उनकी जोड़ीदार है।
महिला वर्ग में ही 2022 की विंबलडन चैंपियन और यहां चौथी वरीयता प्राप्त एलेना रयबाकिना ने अरांटेक्सा रुस को 6-3, 6-4 से हराया।
पुरुष वर्ग में पांचवीं वरीयता प्राप्त दानिल मेदवेदेव भी तीसरे दौर में पहुंच गए हैं। यह रूसी खिलाड़ी जब 6-1, 5-0 से आगे चल रहा था तब उनके प्रतिद्वंद्वी मिओमिर केकमैनोविच ने मैच से हटने का फैसला किया।
राफेल नडाल को हराने वाले अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने अपना विजय अभियान जारी रखा। उन्होंने डेविड गोफिन को 7-6 (4), 6-2, 6-2 से हराया।
दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी और दो बार की गत चैंपियन ईगा स्वियातेक ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करते हुए महिला एकल के बेहद कड़े मुकाबले में नाओमी ओसाका को तीन गेम में हराकर तीसरे दौर में जगह बनाई।
स्वियातेक ने बुधवार रात दूसरे दौर के मुकाबले में मैच प्वाइंट बचाया और फिर अंतिम पांच गेम जीतकर दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी ओसाका को 7-6, 1-6, 7-5 से शिकस्त दी।
स्वियातेक ने मैच के बाद कहा, ‘‘निश्चित तौर पर यह मुकाबला काफी तनाव भरा था। मैंने दूसरे दौर में कभी इतने कड़े मुकाबले की उम्मीद नहीं की थी। निश्चित तौर पर अगली बार मैं इसके लिए अधिक तैयार रहूंगी।’’
इस जीत के साथ स्वियातेक ने रोलां गैरो पर अपनी जीत के क्रम को 16 मैच तक पहुंचा दिया और उनकी नजरें इस क्ले कोर्ट ग्रैंडस्लैम में लगातार तीसरी खिताबी जीत दर्ज करने पर टिकी हैं।
तीसरे और निर्णायक गेम में एक समय 5-2 से आगे चल रही ओसाका जब हार के बाद वापस लौट रही थी तो उनकी आंखों से आंसू छलक रहे थे।
खराब मौसम के कारण बुधवार को सिर्फ नौ मैच पूरे हो सके और विजेताओं में कोको गॉफ, ओन्स जेब्युर, सोफिया केनिन, कार्लोस अल्कारेज, स्टेफानोस सितसिपास और आंद्रे रूबलेव शामिल रहे।
पहला सेट टाइब्रेकर में गंवाने के बाद ओसाका ने बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने पहला सेट गंवाने के बाद अगले 10 में से नौ गेम जीते और दूसरा सेट 6-1 से जीतने के बाद तीसरे में 3-0 की बढ़त बना ली। इसके बाद स्कोर 4-1 और 5-2 से उनके पक्ष में रहा।
स्वियातेक हालांकि इसके बाद वापसी करते हुए लगातार पांच गेम जीतकर सेट और मैच अपने नाम करने में सफल रहीं।
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 30, 2024 10:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

