जरुरी जानकारी | लद्दाख में पीडीएस के जरिये पोषक तत्व संवर्धित आटे का वितरण

लेह/जम्मू, 18 दिसंबर लद्दाख के लोगों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से पोषक तत्वों से संवर्धित गेहूं का आटा मिलेगा। लद्दाख मामलों के सलाहकार, डॉ. पवन कोटवाल ने सोमवार को इसकी शुरूआत की।

पोषक तत्वों से संवर्धित गेहूं का आटा केंद्र शासित क्षेत्र में पीडीएस के माध्यम से वितरित किया जाएगा। योजना की शुरुआत लेह जिले के चुचोट गोंगमा क्षेत्र के कंगरी मिल में नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के विभाग द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में की गयी।

कोटवाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र इस साल पीडीएस के माध्यम से पूरे देश को पोषक तत्वों से संवर्धित चावल प्रदान कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा, लद्दाख में, पूरी आबादी के लिए पोषक तत्वों से संवर्धित गेहूं का आटा उपलब्ध होगा, जैसा कि हिमाचल प्रदेश जैसे कुछ अन्य राज्यों में उपलब्ध कराया जा रहा है।’’

पोषक तत्वों से संवर्धित गेहूं के आटे देने का मुख्य उद्देश्य लोहे, फोलिक एसिड और विटामिन बी 12 की कमी को मिटाना है, जो पूरे देश की तुलना में लद्दाख में खतरनाक रूप से अधिक है।

कोटवाल ने एनएफएचएस आंकड़ों के हवाले से कहा कि 95 प्रतिशत से अधिक आबादी लद्दाख में ‘एनीमिक’ पायी गयी है।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों की माइक्रोन्यूट्रिएंट (सूक्ष्म पोषक तत्वों) की जरूरतों को पूरा करने के लिए, प्रशासन, टैबलेट के रूप में लोहे और फोलिक एसिड की खुराक मुफ्त वितरित कर रहा है।

कोटवाल ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पोषक तत्वों से संवर्धित गेहूं का आटा लद्दाख में सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी को कम करने में मदद करेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)