देश की खबरें | अमरोहा रेलवे स्टेशन आधुनिकीकरण कार्यक्रम में बसपा सांसद और भाजपा एमएलसी के बीच नारेबाजी को लेकर बहस

अमरोहा (उप्र), छह अगस्त उत्तर प्रदेश के अमरोहा रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण कार्य के लिए आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान रविवार को मंच पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद दानिश अली और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) हरि सिंह ढिल्लों के बीच नारेबाजी को लेकर बहस शुरू हो गयी ।

यह बहस कथित तौर पर तब हुई जब सांसद ने भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा की जा रही नारेबाजी पर आपत्ति जताई। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक हो गया है।

वीडियो में एमएलसी ढिल्लों मंच पर खड़े दिखाई दे रहे हैं, जब सांसद अली उनके पास आते हैं तो दोनों को तीखी बहस करते हुए देखा जा सकता है और जल्द ही उनके समर्थक और रेलवे अधिकारी उनके साथ आ जाते हैं।

इसमें, बाद में सांसद को उनकी सीट पर ले जाये जाते देखा जा सकता है। अमरोहा रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण के कार्य के उद्घाटन के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में सांसद और एमएलसी को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था।

उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअली किया जाना था। कार्यक्रम के बाद ढिल्लों ने पत्रकारों को बताया, ''हमने "भारत माता की जय" का नारा लगाया था, जिस पर सांसद अली ने आपत्ति जताई थी। उन्होंने (अली) मुझसे कहा कि यह एक सरकारी कार्यक्रम है।''

एमएलसी ने कहा, ''सरकारी कार्यक्रम में भारत माता की जय का नारा लगाने में क्या गलत है। उन्हें (अली) ऐसा नहीं करना चाहिए था।"

दूसरी ओर, अली ने पीटीआई- से कहा, ''स्थानीय सांसद के तौर पर मुझे रेल मंत्रालय ने कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया था और यह मेरा प्रयास था कि मेरे निर्वाचन क्षेत्र (अमरोहा) के दो स्टेशनों को आधुनिकीकरण के लिए लिया गया। इसलिए मैं शिलान्यास के समय वहां कार्यक्रम में मौजूद था।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)