जरुरी जानकारी | सार्वजनिक निर्गमों के लिए पेशकश दस्तावेजों में खुलासा अब ‘ऑडियो-विजुअल’ रूप में भी

नयी दिल्ली, 24 मई बाजार नियामक सेबी ने शुक्रवार को सार्वजनिक निर्गमों के लिए पेशकश दस्तावेजों में कंपनियों के खुलासों को श्रव्य और दृश्य (ऑडियो-विजुअल) के रूप में पेश करने का फैसला किया है।

इस कदम से निवेशकों को किसी पेशकश की प्रमुख विशेषताओं के बारे में आसानी से समझने में मदद मिलेगी।

इस तरह के एवी को सभी मुख्य प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गमों (आईपीओ) के लिए तैयार किया जाएगा और उसे सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराया जाएगा। शुरुआत में यह अंग्रेजी और हिंदी में होगा।

नियामक ने एक परिपत्र में कहा कि यह रूपरेखा एक जुलाई या उसके बाद स्वैच्छिक आधार पर और एक अक्टूबर से अनिवार्य रूप से सेबी के पास दाखिल होने वाले सभी डीआरएचपी पर लागू होगी।

दृश्य-श्रव्य से निर्गम की मुख्य विशेषताओं को समझने में आसानी होगी।

सेबी ने कहा कि यह निर्णय लिया गया है कि सार्वजनिक निर्गमों के लिए मसौदा रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी), रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) और मूल्य दायरा विज्ञापन में किए गए खुलासों को आसानी से समझाने के लिए श्रव्य और दृष्य प्रारूप भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)