देश की खबरें | जनजाति क्षेत्रों का प्राथमिकता से हो रहा है विकास : गहलोत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार जनजाति क्षेत्रों के विकास के लिए निरन्तर प्रयत्नशील है और जनजातीय उपयोजना टीएसपी क्षेत्र की जरूरतों तथा विकास से जुड़े मुद्दों को सरकार प्राथमिकता से देखेगी।

जयपुर, 19 नवंबर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार जनजाति क्षेत्रों के विकास के लिए निरन्तर प्रयत्नशील है और जनजातीय उपयोजना टीएसपी क्षेत्र की जरूरतों तथा विकास से जुड़े मुद्दों को सरकार प्राथमिकता से देखेगी।

गहलोत शुक्रवार को बांसवाड़ा जिले की पोटलिया ग्राम पंचायत मुख्यालय पर प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शिविर में सभी 22 विभागों द्वारा स्थापित काउन्टरों पर संचालित गतिविधियों का निरीक्षण किया और वहाँ किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से इन शिविरों का पूरा लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि वे शिक्षा पर जोर दें। अपने बेटे-बेटियों को पढ़ाएं तथा वर्तमान समय की मांग को देखते हुए अंग्रेजी की भी पढ़ाई करें। इससे उनके भविष्य को संवारने में मदद मिलेगी और शिक्षा प्राप्त कर बच्चे अपने क्षेत्र, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकेंगे।

उन्होंने इस दौरान क्षेत्र की तीन ग्रामीण सम्पर्क सड़कों पर सेतु निर्माण की आधारशिला रखी।

शिक्षा राज्यमंत्री गोविन्दसिंह डोटासरा ने प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में विकास एवं विस्तार की दिशा में किए जा रहे कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि शैक्षिक विकास के बहुआयामी प्रयासों के साथ ही शिक्षकों के रिक्त पदों को भरा जा रहा है। विभिन्न विभागों में एक लाख पदों पर भर्तियां की गई हैं और करीब 70 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है।

इससे पहले गहलोत ने त्रिपुरा सुन्दरी मन्दिर पहुंचकर दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\