जरुरी जानकारी | मुनाफावसूली के बावजूद बाजार में तेजी कायम, सेंसेक्स 90 अंक चढ़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख के बीच मंगलवार को घरेलू स्तर पर दूरसंचार, प्रौद्योगिकी एवं टिकाऊ उपभोक्ता सामान बनाने वाली कंपनियों में तेजी के दम पर लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बढत दर्ज की गई।
नयी दिल्ली, 23 अप्रैल वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख के बीच मंगलवार को घरेलू स्तर पर दूरसंचार, प्रौद्योगिकी एवं टिकाऊ उपभोक्ता सामान बनाने वाली कंपनियों में तेजी के दम पर लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बढत दर्ज की गई।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली होने के बाद 89.83 अंक यानी 0.12 प्रतिशत बढ़कर 73,738.45 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 411.27 अंक उछलकर 74,059.89 पर पहुंच गया था।
इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी भी अपने शुरुआती लाभ को काफी हद तक गंवाने के बाद 31.60 अंक यानी 0.14 प्रतिशत बढ़कर 22,368 अंक पर बंद हुआ। एक समय यह 111.15 अंक चढ़कर 22,447.55 पर पहुंच गया था।
दिग्गज कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज में मुनाफावसूली का जोर रहने से भारी बिकवाली का दबाव देखा गया जिससे बाजार सूचकांकों में गिरावट देखी गई। एक दिन पहले ही तिमाही नतीजों की घोषणा करने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर एक प्रतिशत से अधिक गिर गया।
सेंसेक्स के समूह में शामिल भारती एयरटेल, नेस्ले, मारुति, टाटा मोटर्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एनटीपीसी, एशियन पेंट्स और भारतीय स्टेट बैंक प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।
दूसरी तरफ, सन फार्मा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, जेएसडब्ल्यू स्टील, टेक महिंद्रा और बजाज फाइनेंस के शेयरों में गिरावट रही।
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए जबकि दक्षिण कोरिया के कॉस्पी और चीन के शंघाई कंपोजिट में गिरावट का रुख रहा।
यूरोप के बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार सोमवार को सकारात्मक दायरे में रहे थे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.41 प्रतिशत चढ़कर 87.36 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को फिर से बिकवाल बन गए और उन्होंने 2,915.23 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची।
सोमवार को सेंसेक्स 560.29 अंक चढ़कर 73,648.62 अंक और निफ्टी 189.40 अंक बढ़कर 22,336.40 अंक पर पहुंच गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 23, 2024 04:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

