देश की खबरें | उप सुरक्षा सलाहकार मिसरी ने द.कोरियाई विदेश मंत्री से सियोल में मुलाकात की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (डिप्टी एनएसए) विक्रम मिसरी ने मंगलवार को सियोल में दक्षिण कोरियाई विदेश मंत्री पार्क जिन से मुलाकात की। यह जानकारी सूत्रों ने दी।
नयी दिल्ली, 22 अगस्त उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (डिप्टी एनएसए) विक्रम मिसरी ने मंगलवार को सियोल में दक्षिण कोरियाई विदेश मंत्री पार्क जिन से मुलाकात की। यह जानकारी सूत्रों ने दी।
सूत्रों ने बताया कि मिसरी और दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री पार्क जिन इस बात पर सहमत हुए कि महत्वपूर्ण एवं उभरती प्रौद्योगिकियां एक ऐसा क्षेत्र है, जहां दोनों देश सहयोग बढ़ा सकते हैं।
बैठक के दौरान, विदेश मंत्री पार्क ने कहा कि राष्ट्रपति यून सुक येओल सितंबर में जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक के लिए अपनी पहली भारत यात्रा को लेकर उत्सुक हैं।
उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) मिसरी उप एनएसए स्तर पर चौथी भारत-कोरिया गणराज्य रणनीतिक वार्ता के लिए सियोल में हैं। सूत्रों ने कहा कि दोनों पक्षों ने बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने और बढ़ाने की तीव्र इच्छा दोहराई।
उप एनएसए मिसरी ने दक्षिण कोरिया के रक्षा खरीद कार्यक्रम प्रशासन (डीएपीए) मंत्री ईओम दोंगवान से भी मुलाकात की। सूत्रों ने कहा कि दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों के एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में रक्षा सहयोग की बात दोहरायी और रक्षा प्रौद्योगिकी, उपकरण और उद्योग सहयोग को बढ़ाने के महत्व पर प्रकाश डाला।
मिसरी ने दक्षिण कोरियाई कंपनियों को भारत में समर्पित रक्षा गलियारों में निवेश के लिए आमंत्रित किया। भारतीय रक्षा कंपनियां अक्टूबर 2023 में सियोल में एडीईएक्स (अंतरराष्ट्रीय एयरोस्पेस और रक्षा प्रदर्शनी) में भाग लेंगी।
दोनों पक्ष रक्षा प्रौद्योगिकी में सहयोग के नए क्षेत्रों पर चर्चा करने के लिए डीआरडीओ और डीएपीए के बीच 5वीं संचालन समिति की बैठक जल्द से जल्द बुलाने पर सहमत हुए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)