देश की खबरें | राजस्थान में मनोनीत उपमुख्यमंत्री बैरवा ने सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की बात की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के मनोनीत उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा ने बुधवार को कहा कि उनकी प्राथमिकता सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की होगी, वहीं मनोनीत उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि नई सरकार राज्य को पटरी पर जाने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगी।
जयपुर, 13 दिसंबर राजस्थान के मनोनीत उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा ने बुधवार को कहा कि उनकी प्राथमिकता सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की होगी, वहीं मनोनीत उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि नई सरकार राज्य को पटरी पर जाने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगी।
बैरवा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि निवर्तमान कांग्रेस सरकार ने राजस्थान को महिलाओं और दलितों के खिलाफ अपराध में नंबर-वन बना दिया और अब लोगों को उसके कुशासन से छुटकारा मिल गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम कानून-व्यवस्था में सुधार करने पर काम करेंगे। राजस्थान महिलाओं के खिलाफ अपराध और दलित उत्पीड़न में सबसे आगे था। अब नई सरकार कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए काम करेगी। हम समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलेंगे।’’
वहीं मनोनीत उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने बुधवार को कहा कि राजस्थान को पटरी पर लाने के लिए जो भी जरूरी होगा वह सब राजस्थान की भाजपा सरकार करेगी।
कुमारी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान महिलाओं के खिलाफ अपराध में नंबर वन बन गया है और अब यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस बीच, भाजपा ने मनोनीत मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण 15 दिसंबर को समारोह जयपुर के प्रतिष्ठित अल्बर्ट हॉल के बाहर आयोजित करने का फैसला किया है।
दीया कुमारी ने सुबह गोविंद देवजी मंदिर में दर्शन किये और सिविल लाइंस स्थित अपने बंगले पर पहुंची जहां उनके समर्थकों ने उनसे मुलाकात की और उन्हें बधाई दी।
विद्याधर नगर विधायक दीया कुमारी ने कहा, 'राजस्थान में बहुत सारा काम किया जाना है क्योंकि कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल में राज्य में कुछ भी नहीं हुआ। अब बहुत कुछ होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम सब काम करेंगे।'
उन्होंने कहा कि पूरी योजना से सारा काम होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में होगी।
प्रेम बैरवा ने भी लोगों से मुलाकात कर शुभकामनाएं प्राप्त कीं।
इस बीच, मनोनीत मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा अपने परिवार के साथ अपार्टमेंट से गेस्ट हाउस में रहने चले गए हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग उन्हें बधाई देने पहुंचे। पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह 15 दिसंबर को सुबह 11.15 बजे अल्बर्ट हॉल के बाहर आयोजित होगा।
राज्य में 25 नवंबर को हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 115 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस को 69 सीटें मिलीं। राज्य की 200 में से 199 सीटों पर मतदान हुआ। करणपुर से कांग्रेस उम्मीदवार के निधन के कारण वहां चुनाव स्थगित कर दिये गये थे। वहां अब मतदान पांच जनवरी को होगा और परिणाम 8 जनवरी को घोषित किए जाएंगे।
भाजपा ने मंगलवार को सांगानेर विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक बने भजन लाल शर्मा को विधायक दल का नया नेता चुना। शर्मा वर्तमान में राजस्थान भाजपा के महामंत्री हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)