देश की खबरें | उप मुख्यमंत्री मौर्य का पलटवार, अखिलेश को बताया ‘कांग्रेस का मोहरा’
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव कांग्रेस का ‘मोहरा’ बन गए हैं।
लखनऊ, 26 जुलाई उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव कांग्रेस का ‘मोहरा’ बन गए हैं।
मौर्य, यादव की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि राज्य में भ्रष्टाचार इसलिए उजागर हो रहा है क्योंकि मौर्य जैसे कुछ लोग ‘‘दिल्ली के वाई-फाई’’ के मोहरे और ‘पासवर्ड’ बन गए हैं।
यादव का स्पष्ट तौर पर संकेत था कि मौर्य दिल्ली में पार्टी के बड़े नेताओं के निर्देश पर काम कर रहे हैं।
भाजपा नेता और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए उन्हें ‘‘कांग्रेस का मोहरा’’ करार दिया।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ कांग्रेस का मोहरा बन चुके सपा बहादुर श्री अखिलेश यादव जी भाजपा को लेकर गलतफहमी पालने,
अति पिछड़ों को निशाना बनाने,अपमान करने की जगह सपा को समाप्त होने से बचाने पर ध्यान दें।’’
मौर्य ने कहा, ‘‘ भाजपा 2027 में 2017 दोहरायेगी, कमल खिला है खिलेगा,खिलता रहेगा।’’
उत्तर प्रदेश में 2017 के विधानसभा चुनाव केशव प्रसाद मौर्य के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए पार्टी और उसके सहयोगी दलों ने राज्य की 403 सीटों में से 325 सीट पर जीत दर्ज की थी जबकि जबकि सपा 47 सीट पर सिमट गई थी।
सपा के लखनऊ स्थित मुख्यालय में ‘संविधान-मानस्तंभ’ का अनावरण करने के बाद अखिलेश यादव ने एक प्रेस वार्ता में राज्य में कथित भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार पर भी निशाना साधा था। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार दावा करती थी कि विशेषतौर पर भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के मामले में उसकी शून्य बर्दाश्त की नीति है लेकिन अब उसके नेता खुद ही कह रहे हैं कि हमने अपने राजनीतिक जीवन में ऐसा भ्रष्टाचार नहीं देखा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 26, 2024 09:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

