देश की खबरें | राज कुमार आनंद के दिल्ली स्थित आवास के बाहर आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली मंत्रिमंडल एवं पार्टी से इस्तीफा देने वाले राज कुमार आनंद के पटेल नगर स्थित आवास के बाहर शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया।

नयी दिल्ली, 12 अप्रैल आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली मंत्रिमंडल एवं पार्टी से इस्तीफा देने वाले राज कुमार आनंद के पटेल नगर स्थित आवास के बाहर शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया।

आप कार्यकर्ता अंकुश नारंग ने कहा, "पिछले चार साल से आनंद ‘आप’ के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने उन लोगों से कई विकास परियोजनाओं का वादा किया था, जिन्होंने उन्हें वोट दिया था। उनके निर्वाचन क्षेत्र के लोग ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।"

आनंद पटेल नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और उन्होंने 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवेश रत्न को हराकर जीत हासिल की थी।

नारंग ने कहा, "आज आप के कई कार्यकर्ताओं और यहां तक कि पटेल नगर के निवासियों ने भी उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। हमारे कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया।"

आप को तब एक झटका लगा था, जब दिल्ली सरकार में समाज कल्याण सहित विभिन्न विभाग संभाल रहे आनंद ने बुधवार को मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था और भ्रष्टाचार एवं पार्टी में दलितों को प्रतिनिधित्व नहीं दिए जाने का आरोप लगाते हुए आप भी छोड़ दी थी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने कुछ आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है, जो बिना किसी अनुमति के आनंद के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।’’

अधिकारी ने कहा कि हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को नजदीकी पुलिस स्टेशन ले जाया गया और जल्द ही रिहा कर दिया जाएगा।

नारंग ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी के डर से आनंद ने पार्टी छोड़ने का फैसला किया।

इससे पहले, दिन में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रमुख एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आईटीओ पर विरोध प्रदर्शन किया।

केजरीवाल को कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। वह 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में हैं और फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\