देश की खबरें | प्रदर्शन के बीच महरौली पुरातात्विक उद्यान क्षेत्र में तोड़फोड़ अभियान जारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महरौली के पुरातात्विक उद्यान क्षेत्र में अतिक्रमण रोधी अभियान सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) एवं पुलिस के कर्मियों को अभियान के दौरान स्थानीय निवासियों के विरोध का सामना करना पड़ा।
नयी दिल्ली, 13 फरवरी महरौली के पुरातात्विक उद्यान क्षेत्र में अतिक्रमण रोधी अभियान सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) एवं पुलिस के कर्मियों को अभियान के दौरान स्थानीय निवासियों के विरोध का सामना करना पड़ा।
डीडीए के अनुसार, मुहिम शुक्रवार को शुरू हुई थी और एक महीने बाद ही दक्षिणी दिल्ली के इस उद्यान में जी-20 की बैठक प्रस्तावित है तथा इस उद्यान में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, राज्य पुरातत्व विभाग और प्राधिकरण के संरक्षण में लगभग 55 स्मारक हैं।
निकाय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि तोड़फोड़ अभियान आज भी जारी रहा और भूल भुलैया स्मारक के पास स्थित इलाके में कार्रवाई की गई।
इस संबंध में एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, ‘‘हम अवैध ढांचे को हटाने के लिए अभियान जारी रखेंगे। कुछ पक्षों ने तोड़फोड़ अभियान पर रोक के लिए अदालत का रुख किया है और इसलिए केवल उन्हीं ढांचों को हटाया जाएगा जो किसी मुकदमेबाजी का हिस्सा नहीं हैं।’’
अतिक्रमण रोधी मुहिम के विरोध में इलाके की 50 महिलाओं के समूह ने प्रदर्शन किया।
उन्होंने ‘‘न्याय की मांग करते हुए’’ नारे लगाए और मुहिम के दौरान मौजूद मीडियाकर्मियों को अपने दस्तावेज भी दिखाए।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अधिकारियों ने उनसे बात की और उन्हें शांत कराया तथा आखिरकार उन्होंने अपना प्रदर्शन रोक दिया।
उन्होंने कहा कि एक दिन पहले प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं के एक समूह ने मुहिम के दौरान ड्यूटी पर तैनात कई पुलिसकर्मियों पर मिर्ची का पाउडर फेंका था।
लाडो सराय गांव में शुक्रवार को शुरू हुई अतिक्रमण रोधी मुहिम को विरोध का सामना करना पड़ा, इसके साथ ही आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)