नयी दिल्ली, आठ अगस्त राज्यसभा में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक सदस्य ने देश में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों द्वारा आत्महत्या किए जाने पर चिंता जताते हुए सरकार से ऐसी घटनाओं पर रोक के लिए एक तंत्र बनाए जाने की मांग की।
भाजपा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने उच्च सदन में विशेष उल्लेख के जरिए यह मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि 2021 में देश में 18 साल से कम उम्र के 10,732 विद्यार्थियों ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा कि यह संख्या एक साल पहले की संख्या से 4.5 प्रतिशत अधिक है।
भाजपा सदस्य ने कहा कि पिछले पांच साल में आईआईटी, आईआईएम, एम्स और अन्य प्रमुख संस्थानों में 75 छात्रों ने आत्महत्या की है और ये मामले चिंताजनक दर से बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कोटा में इस साल पुलिस ने 15 से ज्यादा आत्महत्याओं की सूचना दी है। उन्होंने कहा कि आत्महत्याओं की उच्च संख्या दर्शाती है कि प्रमुख विश्वविद्यालयों में प्रवेश पाने के लिए छात्रों को कितना गंभीर मानसिक और शारीरिक तनाव झेलना पड़ता है।
सुशील मोदी ने कहा, ‘‘इसलिए मैं सरकार से एक व्यापक आत्महत्या रोकथाम तंत्र विकसित करने और जल्द से जल्द परिणाम प्राप्त करने के लिए इसे मिशन मोड में लागू करने का अनुरोध करता हूं।’’
विशेष उल्लेख के जरिए ही भाजपा सदस्य विजय पाल सिंह तोमर ने दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न नदियों के जल के प्रदूषित होने और उससे पैदा हो रही समस्याओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के कारण इन नदियों का पानी जहरीला हो गया जिससे आसपास के गांवों में कैंसर के मामले बढ़ रहे हैं।
उन्होंने ऐसी औद्योगिक इकाइयों से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
भाजपा के सकलदीप राजभर ने पूर्वांचल में विभिन्न उद्यमों के बंद होने का मुद्दा उठाया और कहा कि इससे बड़ी संख्या में लोग बेरोजगार हो गए हैं। उनकी ही पार्टी के भुवेनश्वर कालिता ने ‘जंक फुड’ सहित विभिन्न अस्वास्थ्यकर भोजन की खपत में तेजी से वृद्धि होने का मुद्दा उठाया। वहीं मनोनीत गुलाम अली ने आयकर से जुड़ा मुद्दा उठाया।
बीजू जनता दल की ममता मोहंता, भाजपा के बृजलाल और जीवीएल नरसिंहराव, वाईएसआर कांग्रेस के अयोध्यारामी रेड्डी आला आदि सदस्यों ने भी विशेष उल्लेख के जरिए लोक महत्व के अपने-अपने मुद्दे उठाए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY