जरुरी जानकारी | अडाणी की कंपनी के ऑडिट कामकाज को छोड़ेगी डेलॉयट

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अडाणी समूह की कंपनी अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन लि. की ऑडिटर डेलॉयट कंपनी के ऑडिट कामकाज को छोड़ने की तैयारी कर रही है। ऑडिट सेवा और परामर्श कंपनी ने अमेरिकी वित्तीय शोध और निवेश कंपनी हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में चिन्हित कुछ लेन-देन पर चिंता जताई है।

नयी दिल्ली, 11 अगस्त अडाणी समूह की कंपनी अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन लि. की ऑडिटर डेलॉयट कंपनी के ऑडिट कामकाज को छोड़ने की तैयारी कर रही है। ऑडिट सेवा और परामर्श कंपनी ने अमेरिकी वित्तीय शोध और निवेश कंपनी हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में चिन्हित कुछ लेन-देन पर चिंता जताई है।

मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया कि डेलॉयट हैसकिन्स एंड सेल्स ने अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन लि. को ऑडिटर से इस्तीफा देने के निर्णय के बारे में सूचना दी है। इस बारे में औपचारिक घोषणा जल्दी होने की उम्मीद है।

इस्तीफे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

इस बारे में डेलॉयट ने कुछ भी कहने से मना कर दिया।

उल्लेखनीय है कि डेलॉयट ने तीन लेन-देन को लेकर सवाल उठाये थे। इसमें हिंडनबर्ग रिपोर्ट में चिन्हित एक ‘कान्ट्रैक्टर’ से ‘रिकवरी’ भी शामिल थी।

कंपनी ने चौथी तिमाही और वित्त वर्ष 2022-23 के ऑडिट पर अपनी रिपोर्ट में, तीन संस्थाओं के साथ लेनदेन का जिक्र किया। इस बारे में कंपनी का कहना था कि वे संबंधित पक्ष नहीं हैं।

हालांकि, डेलॉयट ने कहा कि वह कंपनी के बयान का सत्यापन नहीं कर सकती क्योंकि दावों को साबित करने के लिये किसी स्वतंत्र बाहरी पक्ष से इसकी जांच नहीं करायी गयी है।

हिंडनबर्ग ने इस साल 24 जनवरी को अपनी रिपोर्ट में अडाणी समूह पर धोखाधड़ी, शेयरों में गड़बड़ी और मनी लांड्रिंग के आरोप लगाये थे। साथ ही संबद्ध पक्षों के बीच लेन-देन की बात कही थी।

अडाणी समूह ने सभी आरोपों को आधारहीन बताया था।

डेलॉयट का कहना था कि अडाणी समूह ने इन आरोपों की जांच स्वतंत्र बाहरी एजेंसी से कराना जरूरी नहीं समझा। इसका कारण उनका अपना आकलन तथा भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) की जारी जांच है।

कंपनी ने अडाणी पोर्ट्स के वित्तीय ब्योरे में कहा था, ‘‘समूह की तरफ से किया गया मूल्यांकन हमारे ऑडिट के उद्देश्यों के लिए पर्याप्त उचित साक्ष्य उपलब्ध नहीं करता है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\