देश की खबरें | दिल्ली : ससुराल वालों के तेजाब हमले में महिला झुलसी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में 22 वर्षीय एक महिला पर उसके ससुराल वालों ने कथित रूप से तेजाब फेंक दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 21 सितंबर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में 22 वर्षीय एक महिला पर उसके ससुराल वालों ने कथित रूप से तेजाब फेंक दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि महिला 25 फीसदी तक झुलस गई है और फिलहाल अस्पताल में भर्ती है।

उसने बताया कि पीड़िता की सास, ससुर और ननद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर पूर्वी दिल्ली) जॉय टिर्की ने कहा, ‘‘हमें सूचना मिली कि एक महिला पर उसके ससुराल वालों ने तेजाब फेंक दिया, जिससे वह लगभग 25 प्रतिशत झुलस गई। पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया और घटना के सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज की है।’’

उन्होंने कहा कि आरोपी फरार हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त पीड़िता का पति घर पर नहीं था।

दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने भी दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर प्राथमिकी की प्रति के साथ-साथ मामले में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा, ‘‘आयोग को एक महिला से शिकायत मिली, जिसने बताया कि उसकी शादी दो साल पहले हुई थी और उसकी छह महीने की बेटी है। शादी के दो-तीन महीने बाद ही उसके पति और ससुराल वालों ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। पति की प्रताड़ना के कारण उसका गर्भपात भी हो गया था।’’

मालीवाल ने कहा कि महिला ने बताया कि उसकी सास ने 20 सितंबर को उस पर तेजाब फेंक दिया, और इस संबंध में न्यू उस्मानपुर में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मालीवाल ने कहा, ''आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now