एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली: हरियाणा में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में वांछित गैंगस्टर गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने हरियाणा में हत्या के एक मामले में वांछित और 20,000 रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | दिल्ली: हरियाणा में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में वांछित गैंगस्टर गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 22 जून दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने हरियाणा में हत्या के एक मामले में वांछित और 20,000 रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

आरोपी राकेश कादियान उर्फ ​​पंपू (39) को रोहिणी इलाके से गिरफ्तार किया गया। पंपू हरियाणा के पानीपत का निवासी है और उसे तब पकड़ा गया जब वह राष्ट्रीय राजधानी में अपने गिरोह का संचालन फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस ने बताया कि पंपू इस साल फरवरी में सोनीपत के मुरथल स्थित वीर ढाबा पर दीपक उर्फ ​​भांजा की हत्या के सिलसिले में वांछित था।

पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) अमित कौशिक ने बताया, "हरियाणा पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी में सहायक सूचना देने वाले को 20,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी।"

पंपू को शनिवार को एक गुप्त सूचना के आधार पर उस समय पकड़ा गया जब वह कथित तौर पर अवैध हथियार लेकर जा रहा था। उसके पास से एक अर्द्ध-स्वचालित पिस्तौल, चार कारतूस और एक कार बरामद की गई।

अधिकारी ने आगे बताया कि पंपू का लंबा और हिंसक आपराधिक इतिहास है, उसके खिलाफ दिल्ली और हरियाणा में हत्या, हत्या का प्रयास, जबरन वसूली, हमला और हथियार संबंधी अपराधों सहित 16 से अधिक मामले दर्ज हैं।

डीसीपी ने कहा, ‘‘वर्ष 2010 में पंपू के चाचा की उसके गांव के शरवन नामक व्यक्ति ने हत्या कर दी थी जिसके बाद उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा। बदला लेने के लिए पंपू और उसके साथियों ने शरवन को मारने की कोशिश की, लेकिन वह बच गया।’’

पुलिस ने बताया कि वर्ष 2014 में दीपक उर्फ ​​भांजा ने अपने साथियों के साथ पंपू के साले विनोद की हत्या कर दी थी।

डीसीपी ने कहा, " वर्ष 2017 में पानीपत की अदालत में पंपू खुद हत्या के प्रयास के दौरान बच गया था, जिसमें उसे चार गोलियां लगी थीं।"

उसने अपनी गिरोह की गतिविधियों को जारी रखा और 2023 में दिल्ली में अपनी उपस्थिति फिर से स्थापित करने की कोशिश की, लेकिन विशेष प्रकोष्ठ ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे 2024 में पैरोल पर रिहा किया गया।

उन्होंने कहा, "फरवरी 2025 में पंपू ने दीपक की कथित तौर पर हत्या करके अपने साले की मौत का बदला लिया। तब से वह फरार था।"

पुलिस ने बताया कि आगे की जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 22, 2025 09:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).