नयी दिल्ली, 10 जुलाई दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके से पुलिस ने सेना के एक सिपाही, उसकी महिला मित्र एवं उसके एक अन्य साथी को कथित तौर पर अफीम तस्करी गिरोह चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी की एसयूवी कार से एक करोड़ रुपये की अफीम भी जब्त की गई है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार सिपाही गोधू राम (31) पिछले नौ महीने से सेना से भागा हुआ था और अपनी छुट्टी का उपयोग मणिपुर से राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर में अफीम की तस्करी करने के लिए कर रहा था।
पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) अलाप पटेल ने बताया कि सात जुलाई को कालिंदी कुंज इलाके में जांच के लिए एक एसयूवी कार रोकी गई थी और उसमें सवार तीनों को गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से 18 किलोग्राम अफीम की खेप बरामद की गई थी।
पटेल ने बताया, ‘‘गिरोह ने वाहन में बदलाव किया था और फर्श के नीचे मादक पदार्थ छिपाने की जगह बनाई थी ताकि चोरी-छिपे तस्करी का सामान ले जाया जा सके।’’
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि तलाशी के दौरान, पुलिस टीम को गाड़ी से 0.32 बोर की एक लाइसेंसी पिस्तौल और छह कारतूस भी मिले। उन्होंने बताया कि एसयूवी और हथियार गोधू राम के नाम पर पंजीकृत है।
अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ (दक्षिणी रेंज) को एक गुप्त सूचना मिली थी जिसके आधार पर तीनों केा गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर सात जुलाई को कालिंदी कुंज इलाके में आगरा कैनाल रोड के पास जाल बिछाया गया।
पटेल ने बताया, ‘‘वाहन को देखते ही टीम ने तुरंत उसकी घेराबंदी की और उसमें सवार तीनों लोगों को पकड़ लिया। जांच करने पर कार के फर्श के नीचे छिपाए गए उच्च गुणवत्ता वाले अफीम के 18 पैकेट बरामद किए गए।’’
उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 तथा शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत विशेष प्रकोष्ठ पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है।
जांच अधिकारियों के मुताबिक जब्त की गई अफीम मणिपुर के एक आपूर्तिकर्ता से खरीदी गई थी और इसे दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और राजस्थान में पहुंचाया जाना चाहिए था।
शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी एक सुव्यवस्थित आपूर्ति श्रृंखला का हिस्सा थे और पकड़े जाने से बचने के लिए वे निजी यात्रा का सहारा लेते थे।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। उसके बताया कि पूरे विस्तृत नेटवर्क और खरीद के स्रोत की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY