देश की खबरें | दिल्ली : वसंत विहार में एसयूवी ने दो कार और तीन ठेलों को मारी टक्कर, दो लोगों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत विहार इलाके में तेज रफ्तार से जा रही एक एसयूवी ने बुधवार को दो कार और तीन ठेलों को कथित तौर पर टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई तथा छह अन्य घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, नौ मार्च दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत विहार इलाके में तेज रफ्तार से जा रही एक एसयूवी ने बुधवार को दो कार और तीन ठेलों को कथित तौर पर टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई तथा छह अन्य घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह हादसा बुधवार को हुआ और वसंत विहार पुलिस थाने को शाम को साढ़े सात बजे इसके बारे में सूचना मिली।
अधिकारी के मुताबिक, घटनास्थल पर पहुंचने पर एक महिंद्रा थार एसयूवी, दो अन्य कार और तीन ठेले क्षतिग्रस्त मिले।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि हादसा एसयूवी चालक के तेज रफ्तार से वाहन चलाने के कारण हुआ।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) मनोज सी के अनुसार, हादसे में बच्चों समेत कुल आठ लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, हादसे में घायल लोग शिवा कैंप, वसंत विहार, एकता विहार और आरके पुरम के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि दो घायलों-मुन्ना और समीर ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार, हादसे के बाद एसयूवी का चालक फरार हो गया था, लेकिन उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि चालक के खिलाफ तेज गति से गाड़ी चलाने और उसकी लापरवाही से लोगों की जान जाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चला है कि गिरफ्तार चालक एसयूवी के मालिक के यहां काम करता था। एक अधिकारी ने बताया कि एसयूवी मालिक दिल्ली से बाहर है, इसलिए वाहन की चाभी चालक के पास थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 09, 2023 12:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

