पटना, 16 फरवरी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में हुई मौतों पर दुख व्यक्त किया और इस हादसे में राज्य के मृतकों के परिजनों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की।
नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात मची भगदड़ में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से रविवार को जारी एक बयान के अनुसार नीतीश कुमार ने नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद बताया है।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
मुख्यमंत्री ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में बिहार के रहने वाले मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि एवं घायलों को 50-50 हजार रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से देने की घोषणा की है।
नीतीश ने इस हादसे में घायल हुये लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
बिहार आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से रविवार को जारी बयान के अनुसार, "शनिवार को नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ में राज्य के कुल आठ लोगों की मौत हो गई। सबसे अधिक तीन लोग समस्तीपुर से, दो नवादा से और वैशाली, पटना और बक्सर जिले से एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।"
इस घटना पर टिप्पणी करते हुए केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने गया में संवाददाताओं से कहा, "बीती रात नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई घटना बहुत दुखद थी... प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भारी भीड़ के कारण ऐसा हुआ। तीर्थयात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है। नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यह घटना प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में बड़ी संख्या में यात्रियों द्वारा जगह हासिल करने की कोशिश के कारण हुई। सरकार भगदड़ में मरने वालों और घायलों के परिजनों को मुआवजा दे रही है।"
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है। इस हादसे में जिनका निधन हुआ, उनके परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। ईश्वर से प्रार्थना है कि मृतकों की आत्माओं को शांति प्रदान करें और घायल शीघ्र स्वस्थ हों।"
इस बीच, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो लालू प्रसाद ने इस घटना को लेकर केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर निशाना साधा और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से इस्तीफे की मांग की।
पटना में रविवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए लालू ने कहा, "बहुत दुखद घटना घटी है... हम सब लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। यह रेलवे की गलती है। रेलवे के कुप्रबंधन और लापरवाही की वजह से इतने लोगों की मौत हुई है। इस घटना के बाद केंद्रीय रेल मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।"
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने संवाददाताओं से कहा, "यह बहुत दुखद घटना है। इस घटना ने साबित कर दिया है कि पूरी व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है...सरकारी मशीनरी प्रयागराज आने वाले वीवीआईपी में अधिक रुचि रखती है...गरीब लोगों के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। गरीब लोग भगवान भरोसे वहां जा रहे हैं...वे सबसे ज्यादा पीड़ित हैं...वे मर रहे हैं। सरकार ने आम जनों के लिए कोई व्यवस्था नहीं की है। पूरा देश, खासकर बिहार के लोग जानना चाहते हैं कि इन मौतों के लिए कौन जिम्मेदार है? जवाबदेही तय होनी चाहिए।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY