देश की खबरें | दिल्ली: रिंग रोड पर तेज रफ्तार ऑडी ने एक कार को टक्कर मारी, एक व्यक्ति की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के रिंग रोड पर विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार एक ऑडी (लक्जरी कार ब्रांड) ने एक कार को टक्कर मार दी। इस घटना में कार सवार 28 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 11 जनवरी दिल्ली के रिंग रोड पर विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार एक ऑडी (लक्जरी कार ब्रांड) ने एक कार को टक्कर मार दी। इस घटना में कार सवार 28 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान मारुति सुजुकी अर्टिगा के चालक सुखजीत के रूप में हुई है। वह हरियाणा के हिसार का रहने वाला था।
पुलिस के अनुसार, सफदरजंग एन्क्लेव पुलिस थाने को वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के सामने रिंग रोड पर हुई दुर्घटना के बारे में शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे सूचना मिली, जिसके बाद एक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस टीम को पता चला कि धौला कुआं से साउथ एक्सटेंशन की ओर जा रही एक सफेद रंग की अर्टिगा कार को विपरीत दिशा से आ रही चांदी के रंग की ऑडी कार ने टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद ऑडी में सवार व्यक्ति मौके से भाग गया।’’
अधिकारी ने आगे बताया कि पीड़ित को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
उन्होंने बताया, ‘‘कार चालक की पहचान करने के लिये हम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 (तेज गति से वाहन चलाना) और 106 (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।’’
अधिकारी ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 11, 2025 08:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

