देश की खबरें | दिल्ली : धन के लेन-देन के विवाद में सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी की हत्या
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 24 सितंबर दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के द्वारका में एक व्यक्ति ने धन के लेन-देन के विवाद में कथित तौर पर नौसेना के सेवानिवृत्त अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने ''बेहद करीब'' से उनके चेहरे पर गोली मारी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी रियल एस्टेट का कारोबार करते थे और आरोपी ने द्वारका के सेक्टर-23 में रिहायशी फ्लैट खरीदने को लेकर पांच लाख रुपये की बकाया रकम मांगने पर वारदात को अंजाम दिया।

यह भी पढ़े | MP Bypolls 2020: शिवराज सिंह चौहान का कांग्रेस पर बड़ा हमला, कहा-जनता को सपना दिखाया की सिंधिया बनेंगे सीएम लेकिन किसी और को बना दिया.

द्वारका के पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने कहा कि बलराज देशवाल (55) ने 2019 में पोछनपुर गांव स्थित गहलान एवेन्यू का एक फ्लैट प्रदीप खोखर को 39 लाख रुपये में बेचा था।

उन्होंने कहा कि कुल रकम में से पांच लाख रुपये का भुगतान बाकी था और देशवाल बार-बार खोखर से बकाया रकम की मांग कर रहे थे और उन्होंने उसे धमकी भी दी थी।

यह भी पढ़े | Durga Puja 2020: सीएम ममता ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में प्रत्येक पूजा समिति के लिए 50,000 रुपये की घोषणा की, पंडालों को स्थापित करने के लिए दिशानिर्देश जारी.

मीणा ने बताया कि बकाया रकम को लेकर रविवार शाम को देशवाल और खोखर के बीच बहस हुई थी।

उन्होंने कहा कि अपार्टमेंट की पार्किंग में खोखर ने देशवाल को गोली मार दी और कार में बैठकर फरार हो गया।

अधिकारी ने कहा कि देशवाल को वेंकटेश्वर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उपायुक्त ने कहा कि पुलिस ने मंगलवार को द्वारका के सेक्टर-19 स्थित पार्क से खोखर को गिरफ्तार किया।

उन्होंने कहा कि उसके कब्जे से एक लाइसेंसी पिस्तौल बरामद की गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)