नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर दिल्ली पुलिस ने पिछले दो दिन में कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में बम होने की धमकियों के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
विमानन कंपनी ‘आकासा एयर’ की बेंगलुरु जाने वाली उड़ान बम की धमकी मिलने के बाद बुधवार शाम में राष्ट्रीय राजधानी लौट आई जिसमें 180 से अधिक यात्री सवार थे।
पुलिस उपायुक्त (आईजीआई) उषा रंगनानी ने कहा, ‘‘हवाई अड्डा पुलिस ने इस माह बम की धमकी से जुड़ी सात घटनाओं पर कार्रवाई की है। पूरी तरह से सत्यापन और निरीक्षण के बाद, सभी धमकियां अफवाह साबित हुईं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इन झूठी धमकियों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है ताकि सख्त कदम उठाए जा सकें और यात्रियों की सुरक्षा तथा हवाई अड्डे का सुगम परिचालन बनाए रखा जा सके।’’
सूत्रों के अनुसार, पिछले दो दिन में सोशल मीडिया खातों के जरिए अलग-अलग उड़ानों में बम रखे होने की धमकियां मिलने के बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने सोशल मीडिया हैंडल को संचालित करने वाले लोगों की पहचान कर ली है और उन्हें पकड़ने के लिए टीम काम कर रही हैं।’
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ये विमान अलग-अलग देशों और घरेलू गंतव्यों के लिए उड़ान भरने वाले थे।
पिछले दो दिन में कुछ अंतरराष्ट्रीय सहित करीब 12 भारतीय उड़ानों में बम होने की धमकी मिली, हालांकि विमानों की तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी की संख्या बढ़ सकती है।
इस बीच, विभिन्न विमानन कंपनी को मिली कई धमकियों का मुद्दा बुधवार को संसदीय समिति के समक्ष उठा और नागर विमानन सचिव ने सांसदों को बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY