नयी दिल्ली, 30 नवंबर दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों के पास चल रही सिगरेट की 70 दुकानों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि 31 ऐसे क्षेत्रों की पहचान की गई जहां विक्रेता मानदंडों का उल्लंघन करके शैक्षणिक संस्थानों के पास तंबाकू उत्पाद बेचते पाए गए।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के विशेष आयुक्त रवीन्द्र सिंह यादव ने कहा, ‘‘ शिक्षा विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, इस संबंध में स्थानीय स्तर पर एक जांच की गई थी। बाद में, हमने पूरी दिल्ली में कुल 31 ऐसे क्षेत्रों की पहचान की, जहां पान खोखा, बीड़ी, गुटका विक्रेता शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री में लिप्त पाए गए।’’
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि उपायुक्त की देखरेख में 31 टीम का गठन किया गया और दिल्ली में कई स्थानों पर औचक छापेमारी की गई।
विशेष पुलिस आयुक्त रवीन्द्र सिंह यादव ने बताया कि 'ऑपरेशन कवच' के तहत मंगलवार को एक ही दिन में 70 विक्रेता सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (सीओटीपीए) के तहत नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए गए।
विशेष पुलिस आयुक्त यादव ने कहा कि बाद में ऐसे सभी उल्लंघनकर्ताओं की दुकानों को बंद करने के लिए मामले को नागरिक समाज के संज्ञान में लाया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और बच्चों को मादक पदार्थों के खतरे से बचाना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY