एजेंसी न्यूज

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में दिल्ली पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के सिलसिले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें मूसेवाला को कथित तौर पर करीब से गोली मारने वाला शूटर भी शामिल है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी.

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में दिल्ली पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला (Photo Credits: Facebook)

नयी दिल्ली, 4 जुलाई : दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Musewala) की हत्या के सिलसिले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें मूसेवाला को कथित तौर पर करीब से गोली मारने वाला शूटर भी शामिल है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इसके साथ ही पुलिस मामले में अभी तक पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने अंकित और सचिन भिवानी को रविवार रात गिरफ्तार किया. दोनों ही लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गिरोह के वांछित अपराधी हैं.

पुलिस के अनुसार, अंकित पंजाबी गायक की हत्या में शामिल शूटर में से एक है, जबकि भिवानी ने इन शूटर को शरण और अन्य सहायता मुहैया कराई थी. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हरियाणा का रहने वाला भिवानी राजस्थान में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का काम देखता है. वह राजस्थान के चुरू में एक अन्य मामले में भी वांछित है. विशेष पुलिस आयुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) एच जी एस धालीवाल ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि मामले में शुरुआती गिरफ्तारियों के बाद कई टीम उन्हें रसद सहायता, हथियार और छिपने के ठिकाने मुहैया कराने में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर काम कर रही थी. धालीवाल ने कहा, “हमारी टीम ने मध्य प्रदेश, झारखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, गुजरात और दिल्ली में छापेमारी की. उन्होंने प्राप्त सुरागों पर काम करना जारी रखा. रविवार को रात 11 बजे के आसपास हमारी टीम ने मूसेवाला को करीब से गोली मारने वाले अंकित को गिरफ्तार कर लिया. उसके साथ सचिन भिवानी को भी पकड़ लिया गया.” यह भी पढ़ें : Kolkata: संदिग्ध व्यक्ति के सीएम बनर्जी के घर में घुसने की घटना के बाद प्रशासन अलर्ट, कड़ी की गई सुरक्षा व्यवस्था

धालीवाल के मुताबिक, भिवानी ने हत्या से पहले और बाद में सभी शूटर को हरसंभव मदद मुहैया कराई थी. उन्होंने बताया कि अंकित हरियाणा के सेरसा गांव का रहने वाला है और राजस्थान में उसके खिलाफ हत्या की कोशिश के आरोप में दो मामले दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार, अंकित और भिवानी के पास से 9 एमएम की एक पिस्तौल और उसके 10 कारतूस, 30 एमएम की एक पिस्तौल और उसके नौ कारतूस, पंजाब पुलिस की तीन वर्दी, दो मोबाइल फोन, एक डोंगल और सिम कार्ड बरामद किया गया है. मूसेवाला की हत्या के मामले में पिछले महीने विशेष प्रकोष्ठ ने दो ‘शूटर’ समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था. इनकी पहचान हरियाणा के सोनीपत जिले के निवासी प्रियव्रत उर्फ फौजी (26), झज्जर जिले के रहने वाले कशिश और पंजाब के बठिंडा निवासी केशव कुमार (29) के तौर पर हुई है. गौरतलब है कि लोकप्रिय पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की पंजाब के मानसा जिले में 29 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 04, 2022 04:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).