देश की खबरें | दिल्ली मेट्रो ने टीकरी बॉर्डर सहित तीन अन्य स्टेशनों पर प्रवेश, निकास द्वार बंद किए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने प्रदर्शनकारियों के ‘रेल रोको’ के आह्वान के मद्देनजर सुरक्षा के दृष्टिकोण से बृहस्पतिवार को टीकरी बॉर्डर सहित कुल चार मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार करीब चार घंटे के लिए बंद कर दिए।
नयी दिल्ली, 18 फरवरी दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने प्रदर्शनकारियों के ‘रेल रोको’ के आह्वान के मद्देनजर सुरक्षा के दृष्टिकोण से बृहस्पतिवार को टीकरी बॉर्डर सहित कुल चार मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार करीब चार घंटे के लिए बंद कर दिए।
गौरतलब है कि केन्द्र के नए कृषि कानूनों के विरोध में किसान दिल्ली के टीकरी बॉर्डर सहित अन्य सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे हैं। टीकरी बॉर्डर मेट्रो स्टेशन किसानों के प्रदर्शन स्थल के पास है।
डीएमआरसी ने बृहस्पतिवार को ट्वीट करके इन स्टेशनों के बंद होने की जानकारी दी।
उसने ट्वीट किया, ‘‘सुरक्षा संबंधी जानकारी: टीकरी बॉर्डर, पंडित श्रीराम शर्मा, बहादुरगढ़ सिटी और ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए हैं।’’
इससे एक दिन पहले दिल्ली पुलिस ने केन्द्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के ‘रेल रोको’ आह्वान के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों, विशेष रूप से ट्रेन की पटरियों के आस-पास सुरक्षा कड़ी कर दी थी।
किसान आंदोलन के प्रमुख संगठन ‘संयुक्त किसान मोर्चा’ ने कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग के लिए दबाव बनाने को लेकर 18 फरवरी को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक ‘रेल रोको’ का आह्वान किया था।
चार घंटे बाद डीएमआरसी ने फिर से ट्वीट करके यात्रियों को सूचित किया कि चारों स्टेशनों को पुन: खोल दिया गया है।
उसने कहा, ‘‘टीकरी बॉर्डर, पंडित श्रीराम शर्मा, बहादुरगढ़ सिटी और ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार खोल दिए गए हैं। सभी स्टेशन खुले हैं। सभी लाइनों पर सेवाएं सामान्य हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 18, 2021 07:15 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

