एजेंसी न्यूज

VIDEO: दिल्ली में BJP की ऐतिहासिक जीत पर पीएम मोदी की बड़ी गारंटी, कहा- विधानसभा के पहले सत्र में पेश की जाएगी CAG रिपोर्ट, हर भ्रष्टाचार की होगी जांच

मोदी ने कहा, "मैं आश्वस्त करता हूं कि विधानसभा के पहले सत्र में महानियंत्रक एवं लेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट पेश की जाएगी और जो भी भ्रष्टाचार में शामिल पाया जाएगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। जिसने भी लूटा है, उसको लौटाना पड़ेगा.

VIDEO: दिल्ली में BJP की ऐतिहासिक जीत पर पीएम मोदी की बड़ी गारंटी, कहा- विधानसभा के पहले सत्र में पेश की जाएगी CAG रिपोर्ट, हर भ्रष्टाचार की होगी जांच
(Photo Credits ANI)

PM Modi On CAG Report: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत को 'ऐतिहासिक' करार दिया और कहा कि अब राष्ट्रीय राजधानी एक दशक की 'आप-दा' से मुक्त हुई है. उन्होंने दिल्ली की जनता को आश्वस्त किया कि विधानसभा के पहले सत्र में महानियंत्रक एवं लेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट पेश की जाएगी और दोषियों को दंडित कर उनसे लूटे हुए पैसे वसूले जाएंगे. दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत के बाद पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस जनादेश से स्पष्ट है आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है और आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई 'आप-दा' की हार हुई है.

मोदी ने कहा, "मैं आश्वस्त करता हूं कि विधानसभा के पहले सत्र में महानियंत्रक एवं लेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट पेश की जाएगी और जो भी भ्रष्टाचार में शामिल पाया जाएगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। जिसने भी लूटा है, उसको लौटाना पड़ेगा. उन्होंने कहा, "यह मोदी की गारंटी है. यह भी पढ़े: Delhi Elections Results 2025: PM मोदी का तंज, कहा; कांग्रेस ने दिल्ली में ‘जीरो’ की लगाई डबल हैट्रिक; देशहित नहीं, अर्बन नक्सलवाद की कर रही राजनीति

विधानसभा के पहले सत्र में पेश होगी सीएजी रिपोर्ट: PM मोदी

ज्ञात हो कि दिल्ली शराब नीति से जुड़ी सीएजी रिपोर्ट को विधानसभा में पेश न करने को भाजपा ने चुनावी मुद्दा बनाया था. विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है सीएजी रिपोर्ट में कहा गया है कि दिल्ली शराब नीति से सरकारी खजाने को 2026 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा रिपोर्ट में शराब नीति के क्रियान्वयन में भी कई खामियां पाए जाने की बात कही गई है.

यमुना मैया के जयकारे के साथ अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए मोदी ने कहा, "आज की ये विजय ऐतिहासिक है. दिल्ली के लोगों ने आप-दा को बाहर कर दिया है. एक दशक की आप-दा से दिल्ली मुक्त हुई है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दिल्ली में, दिल्ली के लोगों में एक उत्साह भी है और एक सुकून भी है.

उन्होंने कहा, "उत्साह विजय का है और सुकून दिल्ली को आप-दा से मुक्त कराने का है.

इस जनादेश के लिए दिल्ली की जनता को सिर झुकाकर नमन करते हुए मोदी ने कहा कि आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है. उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार इसका कर्ज विकास के माध्यम से अदा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी,

उन्होंने कहा, "आज आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई आप-दा की हार हुई है.

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आज दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है कि दिल्ली की असली मालिक सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता है. आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हो गया.

प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली के इस जनादेश से ये भी स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्टकट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है. केजरीवाल पर हमला जारी रखते हुए मोदी ने कहा कि दिल्ली में धरना-प्रदर्शन की राजनीति, टकराव और प्रशासनिक अनिश्चितता ने दिल्ली के लोगों का बहुत नुकसान किया है.

उन्होंने कहा, "आज दिल्ली के विकास के सामने से एक बड़ी रुकावट आप सब दिल्ली वासियों ने दूर कर दी है. प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार दिल्ली में गरीब, झुग्गी में रहने वाले और मध्यम वर्ग ने भाजपा को जबरदस्त समर्थन दिया है और हर वर्ग के बहुत सारे पेशेवर हमारी पार्टी में काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा, "इसका सबसे बड़ा कारण ये है कि हमारी पार्टी ने हमेशा मिडिल क्लास को अपनी प्राथमिकता पर रखा है.

मोदी ने कहा कि यह सुखद संयोग ही है कि पहली बार दिल्ली एनसीआर के हर प्रदेश में भाजपा का शासन आया है और ये आजादी के बाद पहली बार हुआ है. उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता टूटी सड़कें, कूड़े के ढेर, ओवर फ्लो सीवर और प्रदूषित हवा से त्रस्त रही है और अब यहां बनने वाली भाजपा सरकार दिल्ली को विकास की ऊर्जा के साथ एक आधुनिक शहर बनाएगी.

यमुना नदी में जहर फैलाने की टिप्पणी के लिए केजरीवाल पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने अपनी नाकामी के लिए हरियाणा के लोगों पर इतना बड़ा आरोप लगा दिया और लोगों की भावनाओं व उनकी आस्था को पैरों तले कुचल दिया.

उन्होंने कहा कि यह काम कठिन और लंबे समय का है लेकिन वह यमुना को दिल्ली शहर की पहचान बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, भले ही कितना भी समय लग जाए.  प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि दिल्ली के चुनाव में कांग्रेस ने जीरो की 'डबल हैट्रिक' लगाई है,

उन्होंने कहा कि देश की राजधानी में, देश की सबसे पुरानी पार्टी का लगातार दिल्ली में छह बार से खाता नहीं खुल पाया। उन्होंने कहा, "ये लोग खुद को पराजय का गोल्ड मेडल देते फिर रहे हैं. सच्चाई ये है कि कांग्रेस पर भरोसा करने के लिए देश बिल्कुल भी तैयार नहीं है.

उन्होंने कहा, "पिछली बार मैंने कहा था कि कांग्रेस एक परजीवी पार्टी बन चुकी है. ये खुद तो डूबती है, अपने साथियों को भी डुबोती है। कांग्रेस, एक के बाद एक अपने सहयोगियों को खत्म कर रही है।"

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान खुद को पूर्वांचल का सांसद बताया और भाजपा को 'आशीर्वाद' देने के लिए दिल्ली के पूर्वांचली मतदाताओं का आभार जताया

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 08, 2025 08:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).