दिल्ली सरकार सुरक्षा एहतियात के साथ परिवहन सेवाएं बहाल करने को तैयार: परिवहन मंत्री
दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने परिवहन विभाग एवं दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक बैठक की, जिसमें मेट्रो ट्रेन एवं बसों के सुरक्षित परिचालन के लिये एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) पर चर्चा की।
नयी दिल्ली, 15 मई दिल्ली सरकार ने शुक्रवार को कहा कि यदि केंद्र सरकार अनुमति देगी, तो वह शहर में कोविड-19 से बचाव के एहतियाती उपायों के साथ सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को बहाल करने के लिये तैयार है।
दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने परिवहन विभाग एवं दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक बैठक की, जिसमें मेट्रो ट्रेन एवं बसों के सुरक्षित परिचालन के लिये एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) पर चर्चा की।
गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली मेट्रो और बसों का सुरक्षित परिचालन शुरू करने के लिये एसओपी पर दिल्ली के परिवहन विभाग और डीएमआरसी आदि के अधिकारियों के साथ चर्चा की। यदि केंद्र सरकार ने अनुमति दी, तो दिल्ली (मुख्यमंत्री) अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में सार्वजनिक परिवहन बहाल करने के लिये आश्वस्त है।
मंत्री ने कहा कि परिवहन सेवाओं को बहाल करेन में लोगों का सहयोग जरूरी होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘उपयुक्त सामाजिक दूरी सुनिश्चित करने के लिये एक बस में यात्रियों की संख्या 20 रखी जाएगी। सामाजिक नियमों का अनुपालन कराने के लिये नागरिक रक्षा स्वयंसेवी, मार्शल और प्रवर्तन कर्मी तैनात किये जाएंगे।’’
उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो की सेवाएं बहाल करने का फैसला केंद्र सरकार द्वारा किया जाएगा।
बैठक में मौजूद एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली मेट्रो की एसओपी के मुताबिक मुख्य स्टेशन खोले जाएंगे जबकि कुछ बंद रखे जाएंगे। साथ ही, निरूद्ध क्षेत्रों में स्थित स्टेशन नहीं खोले जाएंगे।
परिवहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ऑटो रिक्शा, टैक्सी और परिवहन के अन्य साधनों का परिचालन बहाल करना केंद्र सरकार के दिर्शानिर्देशों पर निर्भर करेगा।
इस बीच, दिल्ली विकास मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को एक ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया, जहां निर्माण मजदूर अपना पंजीकरण करा सकेंगे।
राय की अध्यक्षता वाले निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड में अभी करीब 40,000 निर्माण मजदूर पंजीकृत हैं।
राय ने एक बयान में कहा कि निर्माण मजदूर http://www.edistrict.delhigovt.nic.in/ पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पोर्टल के जरिये पंजीकरण के नवीकरण की भी सुविधा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 15, 2020 10:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

