आयुर्वेद से जुड़े स्टार्ट-अप को प्रायोजित करने की योजना बना रही दिल्ली सरकार: CM रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को कहा कि दिल्ली सरकार वैश्विक आयुर्वेद शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने और सदियों पुरानी भारतीय चिकित्सा प्रणाली पर केंद्रित स्टार्ट-अप को सहायता प्रदान करने की योजना बना रही है.
नयी दिल्ली, 8 मई : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को कहा कि दिल्ली सरकार वैश्विक आयुर्वेद शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने और सदियों पुरानी भारतीय चिकित्सा प्रणाली पर केंद्रित स्टार्ट-अप को सहायता प्रदान करने की योजना बना रही है. यहां अखिल भारतीय आयुर्वेदिक कांग्रेस को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि जिस तरह से आयुर्वेद वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय हो रहा है, अन्य देश अधिक जानकारी और आयुर्वेदिक दवाओं की उपलब्धता के लिए भारत की ओर देख रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आयुष मंत्रालय की स्थापना करने और नीतियां बनाकर आयुर्वेद और अन्य संबंधित औषधीय प्रणालियों को एक बड़ा मंच प्रदान करने के लिए धन्यवाद देती हूं.’’
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान की तर्ज पर दिल्ली में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना एक बड़ी उपलब्धि है. आयुर्वेद क्षेत्र के विशेषज्ञों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘हमें दिल्ली में एक वैश्विक आयुर्वेद शिखर सम्मेलन आयोजित करना चाहिए जिसे सरकार का समर्थन मिलेगा. हम शिखर सम्मेलन में दुनिया भर के लोगों के सामने आयुर्वेदिक प्रणाली को पेश कर सकते हैं.’’ यह भी पढ़ें : जम्मू में सभी मस्जिदों, मदरसों के दरवाजे सीमा से विस्थापित लोगों के लिए खुले हैं: मुस्लिम विद्वान
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार युवाओं को इस क्षेत्र में काम करने के वास्ते प्रोत्साहित करने के लिए आयुर्वेद आधारित स्टार्ट-अप को प्रायोजित करने जैसी विभिन्न पहल शुरू करने की योजना बना रही है, जबकि योग गुरुओं और विशेषज्ञों को नवाचार पर काम करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. उन्होंने सभी आयुर्वेद ग्रंथों और ज्ञान को डिजिटल स्वरूप प्रदान करने का भी सुझाव दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में कुल 197 आयुष केंद्र संचालित हैं जहां आयुर्वेदिक दवाएं प्रदान की जाती हैं. उन्होंने कहा कि इन आयुष केंद्रों में 55 आयुर्वेद, 25 यूनानी और 117 होम्योपैथी चिकित्सा से जुड़े केंद्र शामिल हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2025 04:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

