दिल्ली सरकार ने छात्रों के लिए दूरदर्शन, आकाशवाणी पर रोजाना तीन घंटे का प्रसारण समय देने की मांग की
अधिकारियों का मानना है कि लॉकडाउन में ढील दिए जाने के बाद भी स्कूलों के फिर से खुलने में समय लग सकता है। दूरदर्शन और आकाशवाणी के माध्यम से अधिकतम छात्रों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है।
नयी दिल्ली, 29 अप्रैल दिल्ली सरकार ने कोविड-19 के कारण लॉकडाउन के दौरान छात्रों के लिए कक्षाओं का प्रसारण करने की खातिर दूरदर्शन और आकाशवाणी पर प्रतिदिन तीन घंटे का समय दिए जाने की मांग की है।
अधिकारियों का मानना है कि लॉकडाउन में ढील दिए जाने के बाद भी स्कूलों के फिर से खुलने में समय लग सकता है। दूरदर्शन और आकाशवाणी के माध्यम से अधिकतम छात्रों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है।
शिक्षा निदेशालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हमने केंद्र से संपर्क किया है और स्कूलों के फिर से खुलने तक दूरदर्शन तथा आकाशवाणी पर दैनिक प्रसारण के लिए तीन घंटे का समय देने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक कक्षाओं के लिए अलग-अलग समय की मांग की गयी है।
कोरोना वायरस के कारण देश भर में स्कूल 16 मार्च से बंद हैं।
दूरदर्शन और आकाशवाणी लॉकडाउन के दौरान छात्रों के लिए क्षेत्रीय चैनलों के माध्यम से टीवी, रेडियो और यूट्यूब पर शैक्षिक सामग्री प्रसारित कर रहे हैं।
अधिकारी ने बताया कि हम ऑनलाइन माध्यम का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपने छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने की खातिर शिक्षा क्षेत्र के सर्वश्रेष्ठ संगठनों के साथ सहयोग कर रहे हैं।
दिल्ली सरकार विभिन्न ऑनलाइन मंचों के जरिए कक्षाएं चला रही है और फोन के माध्यम से बच्चों को ‘असाइनमेंट’ भेज रही है। हालांकि, आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार केवल 68 प्रतिशत छात्रों के घरों में स्मार्टफोन हैं।
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल 'निशंक' की अध्यक्षता में विभिन्न राज्यों के शिक्षा मंत्रियों की हुयी बैठक में भी दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने यह मुद्दा उठाया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2020 04:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

