नयी दिल्ली, 27 अप्रैल दिल्ली की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता अनुब्रत मंडल की बेटी सुकन्या को भारत-बांग्लादेश सीमा पर कथित पशु तस्करी से जुड़े धनशोधन मामले के संबंध में तीन दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूछताछ के बाद सुकन्या को बुधवार को गिरफ्तार किया था। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में एक प्राथमिक स्कूल की शिक्षिका सुकन्या को बृहस्पतिवार को विशेष न्यायाधीश रघुबीर सिंह के समक्ष पेश किया गया ।
इसके बाद न्यायाधीश ने उन्हें 30 अप्रैल तक ईडी की हिरासत में भेज दिया। इस मामले में सुकन्या के पिता पहले से ही न्यायिक हिरासत में हैं।
सुनवाई के दौरान विशेष लोक अभियोजक नितेश राणा ने यह कहते हुए सुकन्या की हिरासत की मांग की कि उनका सबूतों और उनके पिता समेत अन्य सह-आरोपियों से आमना-सामना कराना है।
राणा ने कहा कि अपराध से अर्जित धन का पता लगाने,पैसे के लेन-देन और अपराध के तौर-तरीकों को स्थापित करने के लिए भी सुकन्या की हिरासत जरूरी है।
तृणमूल की बीरभूम जिला इकाई के पूर्व अध्यक्ष अनुब्रत मंडल को केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पशु तस्करी में उनकी कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें ईडी ने गिरफ्तार किया था।
पिछले साल दिसंबर में ईडी ने अनुब्रत मंडल के पूर्व अंगरक्षक सहगल हुसैन की 1.58 करोड़ रुपये से अधिक की 32 संपत्तियों को कुर्क किया था।
इस मामले में मुख्य आरोपी हुसैन, इनामुल हक और सीमा सुरक्षा बल के कमांडेंट-रैंक के अधिकारी (36वीं बटालियन के) सतीश कुमार को भी ईडी ने गिरफ्तार किया था।
ईडी ने कहा, ‘‘इस मामले में अपराध से जुटाई गई कुल 29.43 करोड़ रुपये की राशि का पता चला है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY