दिल्ली की अदालत ने मैच-फिक्सिंग मामले में सट्टेबाज संजीव चावला को जमानत दी
विशेष न्यायाधीश आशुतोष कुमार ने चावला को दो लाख रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की दो जमानत के साथ 30 अप्रैल को राहत दी।
नयी दिल्ली, दो मई दिल्ली की एक अदालत ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान हैन्सी क्रोन्ये से जुड़े क्रिकेट के सबसे बड़े मैच फिक्सिंग मामलों में से एक में प्रमुख आरोपी संजीव चावला को जमानत दे दी है।
विशेष न्यायाधीश आशुतोष कुमार ने चावला को दो लाख रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की दो जमानत के साथ 30 अप्रैल को राहत दी।
अदालत ने कहा कि आरोपी पिछले 76 दिनों से हिरासत में है और मामले में जांच पहले ही पूरी हो गई है।
बहरहाल, अदालत ने चावला को मामले में जांच अधिकारी को अपनी आवाज और हस्तलेख का नमूना देने का निर्देश दिया।
पुलिस के अनुसार चावला को फरवरी में लंदन से प्रत्यर्पित कर लाया गया था और वह पांच मैचों की फिक्सिंग में शामिल है।
पुलिस ने अदालत को बताया था कि क्रोन्ये भी इस मामले में शामिल था। क्रोन्ये की 2002 में विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी।
ऐसा आरोप है कि चावला ने फरवरी-मार्च 2000 में दक्षिण अफ्रीकी टीम के भारत दौरे के मैचों को फिक्स करने के लिए क्रोन्ये के साथ साजिश करने में अहम भूमिका निभाई थी।
ब्रिटेन की अदालत के दस्तावेजों में कहा गया है कि चावला का जन्म दिल्ली में हुआ और वह एक कारोबारी है जो 1996 में कारोबारी वीजा पर ब्रिटेन आया था लेकिन लगातार भारत की यात्राएं करता रहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2020 12:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

