दिल्ली की अदालत ने जी न्यूज के सुधीर चौधरी को मिली कथित धमकी की जांच की अनुमति दी
अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार सिरोही ने कहा कि मामले की जांच की जानी चाहिए क्योंकि शिकायतकर्ता को विभिन्न अंतरराष्ट्रीय फोन नंबरों की जानकारी नहीं मिल सकती है।
नयी दिल्ली, 16 मई दिल्ली की अदालत ने दिल्ली पुलिस को जी न्यूज के प्रधान संपादक सुधीर चौधरी को कथित तौर पर फोन पर धमकी मिलने के मामले की जांच की अनुमति शनिवार को दे दी।
अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार सिरोही ने कहा कि मामले की जांच की जानी चाहिए क्योंकि शिकायतकर्ता को विभिन्न अंतरराष्ट्रीय फोन नंबरों की जानकारी नहीं मिल सकती है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली पुलिस के जांच अधिकारी ने जांच की अनुमति के लिए अदालत का रुख किया था क्योंकि आपराधिक दंड प्रक्रिया संहिता के तहत बिना मजिस्ट्रेट की अनुमति गैर संज्ञेय मामलों की जांच नहीं की जा सकती।
पुलिस ने मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा-507 (आपराधिक धमकी) और धारा-507 (अज्ञात साधनों से धमकी देना) के तहत मामला दर्ज किया था।
उल्लेखनीय है कि 12 मई को चौधरी ने शिकायत की थी कि उन्हें व्हाट्सएप के जरिये कथित तौर पर जिहाद के विभिन्न रूपों पर खबर देने के लिए पाकिस्तान से धमकी मिल रही है।
केरल में सात मई को सुधीर चौधरी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया था। इसमें आरोप लगाया गया था कि उन्होंने विभिन्न प्रकार के जिहाद पर प्रसारित कार्यक्रम में मुस्लिम समुदाय के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2020 10:55 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

