दिल्ली में जुलाई माह में जारी झमाझम बारिश, मौसमी औसत से ज्यादा वर्षा हुई
राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में मंगलवार को तेज़ बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया तथा यातायात जाम हो गया. दिल्ली में 29 जून को पहुंचे मानसून में अब तक जितनी बारिश हुई है, वह सामान्य बारिश से करीब आठ प्रतिशत ज़्यादा है.
नयी दिल्ली, 22 जुलाई: राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में मंगलवार को तेज़ बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया तथा यातायात जाम हो गया. दिल्ली में 29 जून को पहुंचे मानसून में अब तक जितनी बारिश हुई है, वह सामान्य बारिश से करीब आठ प्रतिशत ज़्यादा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, राजधानी के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग ने मंगलवार शाम 5.30 बजे तक 8.8 मिमी बारिश दर्ज की जबकि रिज स्टेशन ने 22.4 मिमी और लोधी रोड ने 14.2 मिमी बारिश दर्ज की.
दक्षिण दिल्ली, दक्षिण पूर्वी दिल्ली, मध्य दिल्ली, राष्ट्रीय राजमार्ग 8, दिल्ली-जयपुर मार्ग, आईटीओ और एम्स सहित कई इलाकों में जलभराव के कारण यातायात जाम रहा. आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी में अब तक 234.6 मिमी बारिश हुई है जबकि सामान्य बारिश 217.5 मिमी होती है.
केवल जुलाई महीने में ही सफदरजंग वेधशाला में 10 दिन तक 127.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई जबकि इस महीने का सामान्य औसत 143 मिमी है. अन्य निगरानी केंद्रों ने इससे अधिक बारिश दर्ज की. पालम वेधशाला में इस महीने अब तक 13 दिन बारिश हुई है, जिसमें कुल 228.6 मिमी वर्षा हुई, जो कि मासिक औसत 150.7 मिमी से 52 प्रतिशत अधिक है.
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, रिज स्टेशन ने इस महीने अब तक 175.6 मिमी बारिश दर्ज की जबकि सामान्य औसत 143.8 मिमी है. इस बीच, दिल्ली में मंगलवार को मौसम सुहावना रहा और अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है.
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस साल के इस समय के लिए सामान्य तापमान है. राजधानी में दिन में आर्द्रता का स्तर 83 प्रतिशत के आसपास रहा.
मौसम विभाग ने दिल्ली में बुधवार को सामान्यतः बादल छाए रहने और मध्यम बारिश की संभावना जताई है. वहीं, अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 31 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रही तथा शाम चार बजे एक्यूआई 88 दर्ज किया गया.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 22, 2025 10:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

