देश की खबरें | दिल्ली भाजपा ने सीएमओ के ‘एक्स’ हैंडल का नाम बदलने को लेकर उपराज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग की

नयी दिल्ली, 13 फरवरी भाजपा ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री के कथित इशारे पर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर आधिकारिक ‘‘सीएमओ दिल्ली’’ हैंडल का नाम बदलकर ‘‘अरविंद केजरीवाल एट वर्क’’ किए जाने के मामले में उपराज्यपाल से बृहस्पतिवार को हस्तक्षेप की मांग की।

भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना से ‘एक्स’ पर ‘सीएमओ दिल्ली’ हैंडल का नाम बदलने और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पोस्ट डालने के लिए इसके कथित इस्तेमाल पर सरकार के आईटी विभाग से रिपोर्ट तलब करने की मांग की।

इस दावे पर आम आदमी पार्टी (आप) ने एक बयान में कहा कि भाजपा को "बेबुनियाद आरोप" लगाना बंद कर देना चाहिए और दिल्ली पर शासन करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

पांच फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को हराकर भाजपा करीब 26 साल बाद दिल्ली की सत्ता में लौटी है। पार्टी ने अब तक मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान नहीं किया है।

सचदेवा ने आरोप लगाया, ‘‘यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा कि जैसे ही उनकी (केजरीवाल) भ्रष्ट सरकार गिरी, अरविंद केजरीवाल ‘डिजिटल लुटेरे’ भी बन गए।’’

उन्होंने सार्वजनिक धन का उपयोग करके बनाए गए आधिकारिक हैंडल का कथित तौर पर अपने इस्तेमाल के लिए नाम बदलने को लेकर केजरीवाल की कड़ी निंदा की।

भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल की सच्चाई सामने आ रही है। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि ‘आप’ ने दिल्ली सरकार के आधिकारिक यूट्यूब चैनल से वीडियो हटा दिया है।

गुप्ता ने एक बयान में आरोप लगाया, "केजरीवाल ने दिल्ली सरकार के आधिकारिक यूट्यूब चैनल से विधानसभा सत्रों और सरकारी कार्यक्रमों के पुराने वीडियो हटाकर अपनी विफलताओं को छिपाने का एक निरर्थक प्रयास किया है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)