देश की खबरें | दिल्ली विधानसभा चुनाव : बुजुर्गों ने भी किया उत्साह के साथ मतदान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली विधानसभा के लिए बुधवार को जारी मतदान में कई बुजुर्ग मतदाता अपने परिवार के सदस्यों या पुलिसकर्मियों के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचे।
नयी दिल्ली, पांच फरवरी दिल्ली विधानसभा के लिए बुधवार को जारी मतदान में कई बुजुर्ग मतदाता अपने परिवार के सदस्यों या पुलिसकर्मियों के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचे।
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व्हीलचेयर पर बैठे अपने बुजुर्ग माता-पिता को मतदान केंद्र तक ले गए।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे माता-पिता बीमार हैं, लेकिन वे सुबह से ही वोट डालने के लिए उत्साहित थे। उन्होंने वोट डालने के लिए पूरा प्रयास किया।’’
आसिफ (83) और उनकी 80 वर्षीय पत्नी मस्रा असंद अपने पोते के साथ शाहीन बाग के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। व्हीलचेयर पर बैठे दंपति ने दूसरों को भी वोट डालने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा, ‘‘हर कोई रोजी-रोटी के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा है, लेकिन सड़कें और सफाई व्यवस्था चिंता के विषय हैं। इन मुद्दों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। इसके अलावा हम किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं कर रहे हैं।’’
उत्तर-पूर्व दिल्ली में जाफराबाद के 91 वर्षीय निवासी शौकत अली बुजुर्गों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं चाहते हैं।
उन्होंने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘स्वास्थ्य सुविधाएं बुरी हालत में हैं। इलाज के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है। अपने संपर्कों (सिफारिश) का इस्तेमाल करने वाले लोगों को प्राथमिकता दी जाती है, जबकि आम आदमी अपनी बारी का इंतजार करता रहता है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)