देश की खबरें | दिल्ली विधानसभा चुनाव : अखिलेश यादव समेत अन्य सपा सांसद करेंगे 'आप' के लिए प्रचार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पार्टी के सांसद आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 28 जनवरी समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पार्टी के सांसद आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली विधानसभा के लिए चुनाव पांच फरवरी को होने वाले हैं और मतगणना आठ फरवरी को होगी।

अखिलेश यादव 30 जनवरी को रिठाला में आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल के साथ एक रोड शो में शामिल होंगे। सपा सांसद इकरा हसन तथा पार्टी के अन्य सांसद भी आम आदमी पार्टी के लिए प्रचार अभियान में भाग लेंगे।

आप और सपा दोनों विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’) का हिस्सा हैं, जिसमें कांग्रेस भी शामिल है। हालांकि, सपा नेता केवल आप के लिए प्रचार करेंगे। आम आदमी पार्टी दिल्ली में कांग्रेस और भाजपा के खिलाफ चुनावी मैदान में है।

इस कदम से विपक्षी गठबंधन में कांग्रेस की स्थिति और कमजोर हो सकती है। यह गठबंधन कांग्रेस के नेतृत्व में पिछले साल लोकसभा चुनाव के दौरान बना था।

आप और कांग्रेस ने पिछले साल लोकसभा चुनावों में भाजपा के खिलाफ मिलकर चुनावी लड़ाई लड़ी थी। दिल्ली की सात लोकसभा सीटों में से आप ने चार और कांग्रेस ने तीन सीटों पर चुनाव लड़ा था। इस बार के विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियां आमने-सामने हैं।

पिछले साल कई दलों ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को गठबंधन का नेतृत्व सौंपने के विचार का समर्थन किया था। इसके बाद विपक्षी गठबंधन में मतभेद उभरकर सामने आए थे। वर्तमान में यह नेतृत्व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पास है।

अरविंद केजरीवाल ने ममता बनर्जी को समर्थन दिए बिना कहा था कि इंडिया गठबंधन के नेता इस मुद्दे पर आपसी चर्चा के बाद निर्णय ले सकते हैं।

टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा भी एक और दो फरवरी को दिल्ली की तीन विधानसभा सीटों पर आप के लिए प्रचार करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now