देश की खबरें | दिल्ली:गुजारा भत्ता देने के लिए बुजुर्ग महिला से लूटपाट की कोशिश करने का आरोपी व्यक्ति गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में पूर्व पत्नी को गुजारा-भत्ता देने के वास्ते पैसों की व्यवस्था करने के लिए लूटपाट की साजिश रचने के आरोप में 25 वर्षीय एक व्यक्ति और उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, सात अप्रैल दिल्ली में पूर्व पत्नी को गुजारा-भत्ता देने के वास्ते पैसों की व्यवस्था करने के लिए लूटपाट की साजिश रचने के आरोप में 25 वर्षीय एक व्यक्ति और उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि तीनों ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में 72 वर्षीय एक महिला के घर में बंदूक की नोक पर लूटपाट का प्रयास किया था।
उसने बताया कि आरोपी की पहचान पंकज (25) और उसके साथियों रामा स्वामी (28) और अभिषेक (26) के रूप में हुई है। मौर्या एन्क्लेव पुलिस थाने की टीम ने उन्हें गिरफ्तार किया।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, एक तमंचा और अपराध के दौरान आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।
दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि यह घटना 31 मार्च को अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे हुई क्योंकि उस दौरान शिकायतकर्ता कमलेश अरोड़ा अपने घर पर अकेली थीं।
पुलिस ने बताया कि एक आरोपी कूरियर देने के बहाने अरोड़ा के घर में घुसा और उनका गला घोंटने की कोशिश की। इसके तुरंत बाद, उसका दूसरा साथी हाथ में तमंचा लेकर घर में घुसा। हालांकि, पीड़िता की बेटी ने किसी तरह तुरंत दरवाजा बंद कर दिया जिससे हमलावर भागने पर मजबूर हो गए।
पुलिस ने बताया कि तीनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग गए।
उसने बताया, ‘‘इस घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद जांच शुरू की गई। संदिग्धों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। कई छापेमारी के बाद पंकज और रामा स्वामी को पकड़ लिया गया।’’
उत्तर-पश्चिम के पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बयान में कहा, ‘‘पूछताछ के दौरान पंकज ने कबूल किया कि उसने तलाक के बाद गुजारा भत्ता देने के लिए पैसे जुटाने के मकसद से लूटपाट की योजना बनाई थी।’’
प्रीति संतोष
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)