देश की खबरें | भ्रष्टाचार रोधी सम्मेलन के लिए जी-20 देशों का प्रतिनिधिमंडल उत्तराखंड के नरेंद्रनगर पहुंचा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड के टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में भ्रष्टाचार रोधी तंत्र को मजबूत करने के उपायों पर मंथन को लेकर आयोजित सम्मेलन में भाग लेने के लिए जी-20 सदस्य देशों का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को ऋषिकेश पहुंचा।

देहरादून, 24 मई उत्तराखंड के टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में भ्रष्टाचार रोधी तंत्र को मजबूत करने के उपायों पर मंथन को लेकर आयोजित सम्मेलन में भाग लेने के लिए जी-20 सदस्य देशों का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को ऋषिकेश पहुंचा।

जॉलीग्रांट हवाई अड्डा पहुंचने पर मेहमानों का तिलक, पुष्प वर्षा एवं तुलसी की माला पहना कर स्वागत किया गया। हवाई अड्डे पर राज्य की स्थानीय लोक संस्कृति कार्यक्रम का लुत्फ़ उठाते हुए मेहमान नृत्य में भी शामिल हुए तथा तस्वीर भी खिंचवाई।

हवाई अड्डे से अतिथि वाहनों के माध्यम से मुख्य कार्यक्रम स्थल नरेंद्रनगर के लिए रवाना हो गये। इस दौरान, मार्ग पर स्थानीय लोगों, महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं ने उन पर पुष्प वर्षा कर एवं राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर विदेशी मेहमानों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

जी-20 देशों के प्रतिनिधिमंडल में सऊदी अरब, कनाडा, दक्षिण अफ्रीका, इंडोनेशिया, तुर्किये, नाइजीरिया, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, ब्रिटेन, जर्मनी, कोरिया, जापान तथा आमंत्रित देशों जैसे मिस्र,बांग्लादेश, ओमान, मॉरीशस के प्रतिनिधि शामिल हैं।

विदेशी मेहमानों ने इस दौरान गंगा तट पर गंगा आरती भी देखी।

दो दिवसीय बैठक के मुख्य एजेंडे के तहत जी-20 देशों के प्रतिनिधि अंतरराष्ट्रीय भ्रष्टाचार रोधी तंत्र को मजबूत करने पर गंभीर मंथन करेंगे। इस दौरान विदेशी अतिथियों को नरेंद्रनगर के ओणी गांव जाकर ग्रामीण लोगों के जीवन, रहन-सहन और संस्कृति को नजदीक से समझने का अवसर भी मिलेगा।

यह राज्य में जी-20 की दूसरी बैठक है। इससे पहले, मार्च के आखिरी सप्ताह में नैनीताल जिले के रामनगर में चीफ साइंस एडवाइजर राउंडटेबल बैठक हो चुकी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\