नयी दिल्ली, 20 जून रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर स्वदेश निर्मित विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर भारतीय नौसेना के कर्मियों के साथ योग करेंगे। मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार, उनकी पत्नी और नौसेना कल्याण एवं स्वास्थ्य संघ के अध्यक्ष कला हरि कुमार तथा नौसेना एवं रक्षा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी बुधवार को होने वाले कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रहेंगे।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि 'अग्निवीर' सहित सशस्त्र बल के जवान एकता और कल्याण की भावना अपनाते हुए इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
बयान में कहा गया है कि योग सत्र के बाद रक्षा मंत्री उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे और योग प्रशिक्षकों को सम्मानित करेंगे।
सिंह बाद में कोच्चि स्थित दक्षिणी नौसेना कमान में इंटीग्रेटेड सिमुलेटर कॉम्प्लेक्स (आईएससी) 'ध्रुव' का उद्घाटन करेंगे।
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया है। भारत ने यह प्रस्ताव पेश किया था, जिसका दुनिया के ज्यादातर देशों ने समर्थन किया था और इसे सह-प्रायोजित किया था।
पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2015 को मनाया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY