सरकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए मप्र में बनेंगी दीनदयाल समितियां
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को प्रदेश में भाजपा के विधायकों, भाजपा जिला और मंडल अध्यक्षों को ऑडियो कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।
भोपाल, 29 अप्रैल मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने कोरोना वायरस संकट के दौर में कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के लिए वार्ड और पंचायत स्तर पर दीनदयाल समितियां बनाने का निर्णय लिया है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को प्रदेश में भाजपा के विधायकों, भाजपा जिला और मंडल अध्यक्षों को ऑडियो कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।
चौहान ने पार्टी नेताओं से कहा, ‘‘हमारी यह जिम्मेदारी है कि सरकार के कार्यों को जनता तक ले जाएं। मैंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और महासचिव से बात की है। हमने ग्रामीण इलाकों में पंचायत स्तर पर और शहरी क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर जल्द ही दीनदयाल समितियों का गठन करने का फैसला किया है।’’
इन समितियों का नाम भारतीय जनसंघ के सह संस्थापक दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये समितियां विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की देखरेख करेंगी और यह सुनिश्चित करेंगी कि इनका लाभ जनता तक पहुंचे। सरकारी सहायता के वितरण में भी इन समितियों की सहायता ली जाएगी।
उन्होंने पार्टी नेताओं को कोरोना वायरस के प्रकोप के मद्देनजर जनता को हर्बल काढ़े के वितरण सहित विभिन्न फैसलों की जानकारी भी दी।
कहा जा रहा है कि आयुर्वेदिक काढ़े के उपयोग से व्यक्ति की रोग प्रतिरोधक क्षमता में इजाफा होता है और यह कोरोना वायरस के संक्रमण से लोगों को बचाव करेगा।
प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने पीटीआई- को बताया कि मुख्यमंत्री जमीनी स्तर के कार्यकार्ताओं से नियमित तौर पर बात कर रहे हैं। इससे सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में सहायता मिलती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2020 04:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

